जनपद में मनाया गया खुशहाल परिवार दिवस आदर्श ब्लॉक सेवापुरी में हुईं 30 महिला नसबंदी लाभार्थियों को परिवार नियोजन के बारे में मिला उचित परामर्श

जनपद में मनाया गया खुशहाल परिवार दिवस

आदर्श ब्लॉक सेवापुरी में हुईं 30 महिला नसबंदी

लाभार्थियों को परिवार नियोजन के बारे में मिला उचित परामर्श

आलोक कुमार सिंह, वाराणसी

वाराणसी, 21 फरवरी 2022 –
जिले के सभी आठ ग्रामीण, 24 शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर समेत जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा पर सोमवार को खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से हर माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाता है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) डॉ एके मौर्या ने बताया कि सोमवार को जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों व जिला महिला चिकित्सालय पर परिवार नियोजन के अस्थायी साधन कंडोम, माला-एन, अंतरा तिमाही गर्भनिरोधक इंजेक्शन, छाया साप्ताहिक गर्भ निरोधक गोली का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्वस्थ और खुशहाल परिवार के लिये दंपत्ति को स्थायी व अस्थायी साधनों को अपनाने के बारे में प्रेरित भी किया गया।
नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ राजेश प्रसाद ने बताया कि सोमवार जनपद के सभी स्वास्थ्य इकाईयों पर अंतरा, छाया, आईयूसीडी (IUCD), पीपीआईयूसीडी (PPIUCD), कंडोम, नसबंदी आदि की सुविधाएं लाभार्थियों को दी गईं। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी पर लाभार्थी को 2000 रुपये और महिला नसबंदी पर 1400 रुपये प्रतिपूर्ति राशि विभाग के द्वारा दी जाती है।
आदर्श ब्लॉक सेवापुरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ वाईबी पाठक ने बताया कि केंद्र पर दिवस के दौरान करीब 600 से अधिक लाभार्थियों को परिवार नियोजन की सेवाओं के साथ परामर्श भी दिया गया। इसमें 30 लाभार्थियों को महिला नसबंदी, 2 को कॉपर टी, 8 को अंतरा इंजेक्शन, 70 को छाया, 20 को माला-एन गर्भनिरोधक गोली एवं 480 लाभार्थियों को कंडोम प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!