डीएम की अध्यक्षता में अग्नि-पथ योजना के सम्बन्ध में शान्ति व्यवस्था हेतु बैठक सम्पन्न

आशीष श्रीवास्तव R9.BHARAT GONDA

👉डीएम की अध्यक्षता में अग्नि-पथ योजना के सम्बन्ध में शान्ति व्यवस्था हेतु बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी डॉ० उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सशस्त्र सेनाओं में भर्ती हेतु अग्निपथ योजना के सम्बंध में हो रहे विरोध एवं प्रदर्शन के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के हेतू बैठक आयोजित हुई।
बैठक में प्रभारी अधिकारी सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास ले० कर्नल संजीव कुमार ने अग्निपथ योजना के बारे में विस्तार पूर्वक वर्णन करते हुये बताया कि भारत को आर्थिक, सामाजिक एवं वैश्विक स्तर पर सुदृढ़ किये जाने हेतु एक दूरगामी योजना है। यह योजना युवाओं को रोजगार/ स्वरोजगार के साथ-साथ आर्थिक रूप से सक्षम करने एवं भविष्य में अन्य क्षेत्रों में पुनः रोजगार हेतु स्वर्णिम अवसर प्रदान किये जाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि अग्निपथ योजना के द्वारा सेनाओं में अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने जा रही है, जिसकी अधिसूचना अगले सप्ताह में थल सेना व वायु सेना द्वारा जारी की जायेगी। योजना के बारे में पूर्ण जानकारी के अभाव में समाज में जो मिथक व भ्रान्तियां है उसे दूर करने के लिए सभी से अनुरोध किया कि युवाओं को सटीक जानकारी पहुंचाने व उन्हें शीघ्र ही प्रारम्भ हो रही भर्ती प्रकिया की तैयारी करने एवं उनके बेहतर भविष्य हेतु प्रेरित करें।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने भी इस योजना के बारे में विस्तार से बताते हुये अवगत कराया कि जो भी युवा/ अभिभावक इस योजना के बारे में कोई भी सुझाव या मन्तव्य देना चाहते हैं, वे कानून की परिधि में रहकर ज्ञापन के रूप में शान्तिपूर्ण तरीके से अपना विचार व्यक्त कर सकते हैं, जिसे जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से शासन को उचित कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दिया जायेगा।
बैठक के अन्त में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुये बताया गया कि जो भी युवा इस योजना से रोजगार प्राप्त करते हैं, वे चार साल के बाद राज्य सरकारों/केन्द्र सरकार अथवा निजी क्षेत्र की प्रतियोगी परिक्षाओं में वरीयता प्राप्त कर पुनः रोजगार का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का विरोध प्रदर्शन करते हुये जो युवा उपद्रव फैलाते हुए पाये जाते हैं, वे चरित्र सत्यापन (पुलिस वैरीफिकेशन) के अभाव में भविष्य में किसी भी सेवायोजन हेतु पात्रता की श्रेणी में नहीं आयेंगे।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सेवानिवृत्त पूर्व सैनिकों बंधुओं से आग्रह किया कि वे सेना में तैयारी करने वाले युवाओं को स्थानीय स्तर पर गहन सम्पर्क कर इस योजना के दूरगामी परिणामों से युवाओं एवं उनके अभिभावकों को अवगत करायें तथा उन्हें अराजक तत्वों से दूर रहने हेतु सचेत भी करें ताकि वे अपने स्वर्णिम भविष्य की ओर बढ़ सकें।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव, अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता तथा सेना से सेवानिवृत्त हुए पूर्व सैनिकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!