धौलपुर हाउसिंग बोर्ड स्थित शराब की दुकान पर खुलेआम नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां, सुबह 7 बजे चोर रास्ते से हो रही अवैध बिक्री, कैमरे में कैद पूरी घटना
धौलपुर। हाउसिंग बोर्ड स्थित शराब की दुकान पर अवैध तरीके से शराब बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दुकान में बनाए गए चोर रास्ते से सुबह 7 बजे शराब की बिक्री की जा रही थी, जिसकी पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। हैरानी की बात यह है कि यह दुकान रात में भी नियमों के विरुद्ध शराब बेचने के लिए कुख्यात है, लेकिन शराब विक्रेताओं को किसी प्रकार का खौफ नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में इस दुकान का लंबे समय से विरोध हो रहा है, क्योंकि यहां से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि दुकान का मुख्य दरवाजा बंद है, लेकिन पीछे की खिड़की से शराब की बिक्री जारी है। आरोप है कि यहां ब्लैक में भी शराब बेची जाती है।
विशेष बात यह है कि यह दुकान हाउसिंग बोर्ड के तिराहे पर बनी हुई है और इसके पास ही हाउसिंग बोर्ड की पुलिस चौकी के साथ दो स्कूल भी स्थित हैं। इसके बावजूद अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लग पाई है। जिस व्यक्ति ने यह वीडियो बनाया, वह एक सामाजिक कार्यकर्ता है और उसे इस मामले को उजागर करने पर धमकियां भी दी जा रही हैं।
स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस दुकान पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों और युवाओं को शराब जैसी बुराई से बचाया जा सके।