नदबई व वैर उपखंड का जिला कलेक्टर ने किया दौरा, विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा
भरतपुर:जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने सोमवार को उपखण्ड नदबई एवं वैर का दौरा कर विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की एवं स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत अटारी का दौरा कर बजट घोषणा के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हेतु उपयुक्त जमीन देखी एवं भूमि आवंटन के प्रस्ताव तैयार कर तत्काल भिजवाने हेतु निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ललिता मूडिया, वैर एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र अटारी, नदबई का आकस्मिक निरीक्षण कर साफ सफाई व्यवस्था एवं रोगियों को आउटडोर व इनडोर में दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के सम्पूर्ण परिसर में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये। जिला कलक्टर ने चिकित्सा संस्थानों में सामान्य वार्डों, मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र, निशुल्क दवा स्टोर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती रोगियों से चर्चा कर चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने वैर उपखण्ड में सड़क, बिजली, पेयजल सहित आधारभूत आवश्यकताओं की स्थिति का जायजा लेकर सम्बंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।।
भरतपुर से हेमंत दुबे