ब्यूरो रिपोर्ट पलामू झारखंड
प्रत्येक व्यक्ति तक सुविधा पहुंचाना सरकार का मुख्य उद्देश्य: जोबा मांझी, मंत्री, समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग
पलामू जिले में 12144.069 लाख रुपए की 66 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
2027 लाभुकों के बीच 893.639 लाख रूपये का ऋण/ परिसंपत्ति का हुआ वितरण
सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के उपलक्ष में पलामू में आयोजित हुआ जिला स्तरीय समारोह
राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजनमानस को लाभान्वित कर रही है। प्रत्येक व्यक्ति तक सरकार की सभी सेवाओं/सुविधाओं की पहुँच हो यही सरकार का मुख्य उद्देश्य है। हर हितकारी को उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार ससमय लाभ सुनिश्चित हो सके तथा समाज के अंतिम पैदान पर बैठे लोगों तक सरकारी योजनाओं, कायर्क्रमों और जन कल्याणकारी नीतियों का लाभ पहुँचाने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। राज्य के स्थापना दिवस 15 नवम्बर से 29 दिसम्बर तक ‘‘ आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार’’ कायर्क्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पलामू जिला में 2 लाख 49 हजार 714 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें 1 लाख 33 हजार 30 का निष्पादन किया जा चुका है। यह बातें समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री जोबा मांझी ने कही। वे आज सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के उपलक्ष में पलामू के टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रही थीं।
कार्यक्रम के दौरान पलामू जिले में 12144.069 लाख रुपए की 66 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। वहीं 2027 लाभुकों के बीच 893.639 लाख रूपये का ऋण/ परिसंपत्ति का वितरण किया गया। साथ ही समाज कल्याण विभाग की ओर से अन्नप्राशन तथा गोदभराई का भी किया गया।
मंत्री जोबा मांझी ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से सरकार ने पलामू के विकास के लिए बड़ा काम किया है। उन्होंने आम जनों से भी सहयोग की अपील की कहा कि सभी लोगों के सहयोग से जिला में विकास कार्यों को गति मिलेगा और पलामू की अलग पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पलामू को प्राथमिकता देकर विकास करने का निर्णय लिया है। मंत्री ने प्रशासनिक पदाधिकारियों को धन्यवाद करते हुए कहा कि यहां के पदाधिकारी सकारात्मक सोच के साथ सरकार की योजनाओं को आम जनों तक लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। वैश्विक महामारी के बावजूद भी सरकार एवं जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट कार्य किया है। मंत्री ने नव वर्ष की आगामी शुभकामनाएं देते हुए पलामू जिला की स्थान में सभी को सहयोग करने की अपील की। एशिया प्रसिद्ध कुंदरी लाह बगान के विकास को लेकर मंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सखीमंडल की दीदियों द्वारा 62 हजार पौधों पर लाह की खेती शुुरू की गई है। पलाश के फूलों से गुलाल, प्राकृतिक रंग एवं काॅस्मेटिक्स बनेंगे। वनोपजों पर आधारित स्थानीय समुदायों को इससे रोजगार मिलेंगे। राज्य सरकार वनोपजों पर आधारित लोगों की जीविका का इसे प्रमुख माध्यम बनायेगी।
मंत्री ने कहा कि कम बारिश वाले क्षेत्रों एवं टांड़ तथा बंजर भूमि पर रसदार फलों की खेती शुरू की गई है, जिससे किसानों के बीच आर्थिक समृद्धि का द्वार खुलेगा। पलामू में थाई वेराइटी की अमरूद, ड्रैगनफू्रट, काला धान, कालागेंहू, स्ट्राॅबेरी, ब्रोकली सहित पामारोजा, तुलसी, पिपरमिंट जैसे औषधीय पौधे की फसल लहलहाई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार युवा किसान भाईयों, महिलाओं एवं उद्यमियों को सहयोग करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी एवं हर संभव सरकारी सहयोग हरेक स्तर पर उपलब्ध करायेगी। इसके अलावा बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत भी संतरे और मोसम्मी की खेती को भी बड़ा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कृषि ऋण माफी योजना अन्तर्गत अबतक 3 हजार 902 लाभुकों के ऋण माफी की स्वीकृति दी गयी है। पलामू जिले के 32 पैक्सों को 2-2 लाख रूपये सरकार के द्वारा कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जा रही है। झारखण्ड सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में अधिक से अधिक मछली पालन हेतु मछली पालकों को जोड़ने का काम किया गया है। मत्स्य बीज उत्पादकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर मत्स्य स्पाॅन उपलब्ध कराया गया है।