बयाना विधायक का फेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में एक आरोपी और गिरफ्तार

भरतपुर। बयाना विधायक डॉ. ऋतु बनावत का फेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले दूसरे आरोपी युवक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी युवक विकास जाट (21) पुत्र जेठाराम जोधपुर के झंवर थाना क्षेत्र के गांव चिचडली पूनिया की ढाणी पुरखावास का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी विकास जाट को उसके घर से गिरफ्तार किया है। भरतपुर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि साइबर सेल की मदद से फेक वीडियो वायरल करने वाले आरोपियों का नाम-पता मालूम किया गया। इसके बाद बयाना थाना के एएसआई जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम जोधपुर भेजी गई। जहां से पूनिया की ढाणी पुरखावास गांव से आरोपी विकास जाट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे फेक वीडियो सोशल मीडिया पर मिली थी, जिसे उसने फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाने के लिए अपने अकाउंट से वायरल किया था।।गौरतलब है कि मामले में 24 जनवरी को एक अन्य आरोपी बालोतरा जिले के पचपदरा थाना इलाके के गांव थोब निवासी रामाराम कालवी (28) पुत्र नारायण राम को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया था।।
भरतपुर से हेमंत दुबे