भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित 12 दिवसीय नाट्य कार्यशाला शुरू हो गई
विनोद चड्ढा कुठेड़ा बिलासपुर

भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित 12 दिवसीय नाट्य कार्यशाला गुरूवार को शुरू हो गई। विभाग के संस्कृति भवन में विशेष रूप से बच्चों के लिए करवाई जा रही इस कार्यशाला में विभिन्न स्कूलों के बच्चे भाग ले रहे हैं,जिन्हें बिलासपुर के रंगकर्मी अभिषेक डोगरा, नवीन सोनी व अभिषेक सोनी द्वारा रंगमंच की बारीकियां सिखाई जाएंगी। जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। साथ ही उड़ान थियेटर ग्रुप द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने बताया कि आज कल बच्चों का आकर्षण टीवी व यूट्यूब की ओर अधिक है। उन्हें नाट्य गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के लिए इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उड़ान थियेटर ग्रुप के सहयोग से यह कार्यशाला लगाई गई है। जिसमें बच्चों को रंगमंच की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इन 12 दिनों में बच्चों का एक नाटक भी तैयार करवाया जाएगा। जिसकी प्रस्तुति कार्यशाला के अंतिम दिन होगी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा वर्ष भर विभिन्न सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियां करवाई जाती हैं। यह नाट्य कार्यशाला भी उसी का हिस्सा है। हाल ही में लोक नाट्य धाजा की भी एक कार्यशाला विभाग द्वारा लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ साथ बच्चों को अन्य गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। कला के क्षेत्र में भी बच्चें अपना प्रदर्शन दिखाएं। उधर, उड़ान थियेटर ग्रुप के प्रधान नवीन सोनी ने बिलासपुर में की जा रही रंगमंच की गतिविधियों के बारे में बताया। वहीं, रंगकर्मी अभिषेक सोनी ने कार्यशाला के उद्देश्य को लेकर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कार्यशाला के दौरान एक नाटक की तैयारी भी करवाई जाएगी। जिसका निर्देशन अभिषेक डोगरा कर रहे हैं। इस कार्यशाला में रंगकर्मी पारूल चौहान भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।