राजाखेड़ा क्षेत्र के पार्वती नदी किनारे मिला 25 वर्षीय युवती का शव,परिजनों ने तीन दिन पहले किया था जलदाह संस्कार
धौलपुर जिले के राजाखेड़ा उपखंड के कछियारा बिडार पार्वती नदी के घाट पर सोमवार सुबह एक 25 वर्षीय युवती का शव मिलने का मामला सामने आया है। सूचना पर मौके पर पहुंची राजाखेड़ा थाना पुलिस ने मृतक युवती के शव को अपने कब्जे में लेकर राजाखेड़ा के शहीद राघवेंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवा दिया है जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर राजाखेड़ा थानाधिकारी वीर सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के कछियारा बिडार पार्वती नदी घाट पर एक युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर पुलिस जाब्ता भेज मृतक युवती के शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की गई जिसकी पहचान राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के ही एक गांव निवासी के रूप में हुई है। थानाधिकारी ने बताया कि युवती काफी लंबे समय से बीमार थी जिसकी 16 तारीख को मौत हो गई थी ऐसे में 17 तारीख को परिजनों द्वारा पत्थर वगैरा बांधकर डेडबॉडी का नदी में जलदाह संस्कार कर दिया गया था। डेडबॉडी से पत्थर वगैरा खुलने के बाद और नदी में पानी का जलस्तर उतरने के चलते डेडबॉडी नदी किनारे जाकर लग गई। जिसे फिलहाल अपने कब्जे में लेकर राजाखेड़ा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। विधिक अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाददाता मनोज राघव राजाखेड़ा