अपनी गर्भवती पत्नी को चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या करने के प्रयास का आरोपी पति गिरफ्तार
पत्नी की हत्या कर प्रेमिका से शादी की फिराक में था आरोपी
भरतपुर। भरतपुर संभाग के सवाईमाधोपुर में प्रेमिका से शादी करने की फिराक में अपनी गर्भवती पत्नी को चलती ट्रेन से धक्का देकर उसकी हत्या की कोशिश करने के आरोपी पति को कोटा जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पति इमरान खान (27) जगमोता, थाना चौथ का बरवाड़ा जिला सवाई माधोपुर का रहने वाला है। चलती ट्रेन से गिरने के बाद पत्नी शगुफ्ता के 8 माह के गर्भस्थ शिशु की मौत के साथ उसके हाथ व पैर टूट गए और सिर पर गम्भीर चोट लगने की बजह से उसे सवाई माधोपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। महिला के पिता जलील मोहम्मद निवासी गणेशपुरा विस्तार योजना लाखेरी के अनुसार एक अप्रैल की शाम उसकी बेटी शगुफ्ता और दामाद इमरान को वह लाखेरी स्टेशन से कोटा हनुमानगढ़ सुपरफास्ट ट्रेन पर छोड़ने गया था। दामाद मेरी बेटी को उसके ससुराल चौथ का बरवाड़ा लेकर जा रहा था। रात में घायल बेटी ने फोन पर बताया कि उसे कुस्तला और सवाईमाधोपुर के बीच जीनापुर गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन से पति ने धक्का दे दिया।
भरतपुर से हेमंत दुबे