चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
उप स्वास्थ्य केंद्र चचिया समय से पहले बंद, निरीक्षण में लटका मिला ताला
कोरबा//कोरबा जिला के कोरबा विकासखंड अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र चचिया में बुधवार को समय से पहले ताला बंद पाया गया। जनपद अध्यक्षपति अभिमन्यु राठिया जब नियमित निरीक्षण के दौरान चचिया पहुंचे, तब स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला, जिससे ग्रामीणों में भी नाराज़गी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र में अक्सर समय पर कर्मचारियों की उपस्थिति नहीं रहती, जिसके कारण मरीजों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ता है। जनपद अध्यक्षपति अभिमन्यु राठिया ने इस पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए अवगत कराने की बात कही।
ग्रामीणों ने बताया कि नियमित समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों तो उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान समय से पहले बंद केंद्र मिलने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।