करीब 8 माह पुराने ब्लाइंड मर्डर मामले में राजमहल गार्डन का मालिक दिव्यपाल सिंह गिरफ्तार

करीब 8 माह पुराने ब्लाइंड मर्डर मामले में राजमहल गार्डन का मालिक दिव्यपाल सिंह गिरफ्तार

भरतपुर। शहर कोतवाली थाना पुलिस ने करीब 8 महीने पहले हुए ब्लाइन्ड मर्डर के मामले में होटल मालिक दिव्यपाल के रूप में 6 वें आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रामरूप ने बताया कि दिनांक 29.01.2024 को भानूप्रताप पुत्र रामकुमार निवासी बरबर थाना खेरागढ जिला आगरा (यूपी) ने इस्तगासा के जरिये रिपोर्ट दर्ज कराई कि विगत 5 दिसंबर को शाम 3 बजे मरे भाई सुरजीत को उसके गांव के ही रहने वाले पवन और सचिन बहला फुसलाकर अपने साथ मोटरसाईकिल से ले गये थे। अगले दिन 6 दिसंबर को पवन और सचिन गांव में वापिस आये। परन्तु सुरजीत के बारे में पूछा तो दोनो ने कोई संतोषजनक जबाब नही दिया, तथा सुरजीत को ढूंढने के लिए परिजनों को भरतपुर जाने के लिए कहा। जिस पर सचिन और पवन अपने साथ मृतक सुरजीत के भाई भानुप्रताप व उसके पिता रामकुमार को भरतपुर लाये। भरतपुर में ढूढने पर मृतक सुरजीत की लाश आरबीएम अस्पताल भरतपुर में होना बताया। पूछताछ करने पर मृतक के भाई और पिता को बताया गया कि मृतक की लाश थाना कोतवाली क्षेत्र में रेलवे बजरिया स्थित पुलिस चौकी के पास मिली थी। लेकिन जब मृतक के भाई और पिता ने सुरजीत की लाश को देखा तो उसके सिर पर कई गंभीर चोटे थी। लाश को देखने से स्पष्ट था कि किसी भारी हथियार से सिर को कुचलकर मारा गया है जिससे उसकी मृत्यु हुई हैं। लेकिन मृतक के भाई ने जब पवन व सचिन से पूछताछ की तो वह बार-बार अपना बयान बदलते रहे, जिसके बाद मृतक के भाई ने हत्या का मामला दर्ज कराया। थानाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मौके पर राहगीरों द्वारा लिये गये फोटोग्राफ से स्पष्ट जाहिर हो रहा था कि मृतक की हत्या की गई थी। पुलिस द्वारा मृतक के मोबाईल को राजू उर्फ राजकुमार से बरामद कर कॉल डिटेल प्राप्त कर गहनता जांच की गई। तथा घटना स्थल स्टेशन बजरिया जाकर लोगों से पूछताछ की तो घटना के पास लोगों ने बताया कि घटना वाले दिन मौके पर लडाई झगडे की आवाज सुनी थी और देखा था कि 4-5 लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर पटक गये है। जिसके बाद मामले के साक्ष्य संकलित किये गये तथा तकनीकी सहायता ली गई। जिसमें निकलकर आया कि मृतक सुरजीत व पवन घटना वाले दिन राज महल गार्डन के गेट के पास शराब पी रहे थे। शराब पीते-पीते दोनों आपस में जोर-जोर से बातें कर रहे थे। इस पर राज महल गार्डन के मालिक ने मैनेजर सतीश से उन दोनो व्यक्तियो को भगाने के लिए कहा तो मृतक सुरजीत ने सतीश मैनेजर से गाली गिलौच कर दी। इसी पर अन्दर से फिरोज उर्फ पोपट, नहना, राजू उर्फ राजकुमार, राजू चाचा व अकरम ने मृतक सुरजीत व उसके साथी पवन के साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान पवन उनसे छूटकर भाग गया और मारपीट से आई चोटो से सुरजीत बेहोश हो गया। जिसके बाद आरोपियों द्वारा मृतक सुरजीत को गली की दूसरी तरफ पटक दिया गया, जहां सुरजीत की मृत्यु हो गई। पुलिस ने उक्त मामले में आरोपी होटल मालिक दिव्यपाल सिंह पुत्र नरेशपाल सिंह उम्र 24 साल जाति गुर्जर निवासी राजमहल गार्डन स्टेशन रोड बजरिया थाना कोतवाली भरतपुर को गिरफ्तार किया है। ज्ञात रहे कि उक्त मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफतार किया जा चुका है।।

भरतपुर से हेमंत दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!