बारा-पंकज राठौर
खेलों को नई उड़ान: विधायक राधेश्याम बैरवा के नेतृत्व में बारां में खेल एकेडमी का सपना साकार

बारां, 30 दिसंबर। 36वीं राज्यस्तरीय शिक्षक खेलकूद क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन मंगलवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, आमापुरा में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा रहे, जिनकी खेलों के प्रति दूरदृष्टि और सक्रिय प्रयासों की खिलाड़ियों व शिक्षकों ने सराहना की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बैरवा ने कहा कि जिले में खेल एकेडमी की स्थापना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि खेल संकुल में मैदान निर्माण के लिए 3.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और कलमंडा में भूमि आवंटन के बाद खेल एकेडमी निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इससे बारां जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) बीना मिश्रा ने की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। खिलाड़ियों को शपथ दिलाई गई और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
राज्यस्तरीय शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिताएं विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित की जा रही हैं, जिनका समापन बुधवार को आमापुरा विद्यालय में होगा।