छावई का पुरा गांव के पास संदिग्ध अवस्था में युवक की हुई मौत,पुलिस ने शव रखा मोर्चरी
धौलपुर। शुक्रवार दोपहर बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के छावई का पूरा गांव के 30 वर्षीय युवक ने गांव के पास जंगल में पेड़ से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक युवक रवि पुत्र अमृतलाल निवासी छावई का पुरा थाना बाड़ी सदर के परिजनों ने बताया कि रवि एक ट्रक ड्राइवर था जो शुक्रवार को ही ट्रक से उतरकर गांव आया था और घर से यह कहकर निकला कि मैं थोड़ी देर में वापस आऊंगा। जब काफी समय बाद रवि घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश की तो रवि का शव गांव के पास ही स्थित एक जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। परिजन उसे अचेत अवस्था में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। अस्पताल चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के द्वारा शव को मोर्चरी में भेज दिया है। अस्पताल चौकी प्रभारी प्रेम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी बाड़ी सदर थाना को दी गई है। परिजनों के द्वारा दी जाने वाली रिपोर्ट के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह चाहर