जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण, नकलविहीन एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के दृष्टिगत बैठक आयोजित

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण, नकलविहीन एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के दृष्टिगत बैठक आयोजित

देवरिया(सू0वि0) 17 अगस्त।  जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को नकल विहीन व शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए डीएम श्रीमती दिव्या मित्तल और एसपी संकल्प शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में केन्द्र व्यवस्थापक, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को जिले के 10 केन्द्रों पर परीक्षा होगी, जिसको लेकर सभी लोग सतर्क रहें।

 


डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों को परीक्षा की बारीकियों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिसको जो जिम्मेदारी मिली है, पूरी गंभीरता से उसका निर्वहन करेंगे। कोताही मिलेगी तो कड़ी कार्रवाई तय है। इस परीक्षा में किसी प्रकार की गलती की कोई गुंजाइस भी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में पेपर आने से लेकर परीक्षा कराने और उसके बाद आंसर सीट भेजने तक की कार्यवाही सीसीटीवी की निगरानी में संपन्न होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जिसमें 4272 अभ्यर्थी शामिल होगें।
डीएम ने बताया कि परीक्षा की अवधि में भ्रामक खबरों पर अंकुश लगाये जाने के लिए सोशल मीडिया पर भी सर्तक निगरानी रखी जायेगी। परीक्षा केन्द्र के अन्दर कोई भी पेपर, पेन्सिल बाक्स, कलकुलेटर, सनग्लास, वायलेट, कैप, ज्वैलरी, खाद्य सामग्री, मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, घड़ी, चाभी, ब्लूट्यूब, डिजिटल पेन, हेल्थबैण्ड सहित अन्य इलेक्ट्रानिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। डीएम ने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को नकल को लेकर सचेत करते हुए कहा कि नकल करते मिलने अथवा कराने पर रू. 01 करोड़ का जुर्माना तथा आजीवन कारावास की सजा का प्राविधान किया गया है। इसलिए सभी केन्द्र व्यवस्थापक नकल को लेकर पूरी से संवेदनशील रहेंगे। डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि अपने-अपने केन्द्र पर भ्रमणशील रहकर केन्द्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरा, कन्ट्रोल रूम से परीक्षा केन्द्र के सभी कक्षों का मानिटरिंग भी करते रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नवीन व्यवस्था के तहत भर्ती परीक्षा में पुरूष व महिला परीक्षार्थियों की तलाशी का कार्य पुरूष व महिला आरक्षियों द्वारा किया जायेगा। परीक्षा केन्द्र परिसर के आस-पास सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध किये जायेंगे। परीक्षा में नकल कराने वालों से पूरी कड़ाई के साथ निपटा जायेगा। परीक्षा की शुचिता प्रभावित न हो इसके लिए कमाण्ड सेन्टर से सीसीटीवी स्क्रीनों पर नज़र रखी जायेगी।
बैठक नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक, उड़न दस्ता प्रभारी, आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट, आरक्षित सहायक केन्द्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक आदि मौजूद रहे।

इन कॉलेजों में होगी परीक्षा

जिले में अशोक इण्टर कालेज डुमरी चौराहा रामपुर कारखाना, बाबा राघवदास इण्टर कालेज न्यू कालोनी देवरिया, दीनानाथ पाण्डेय राजकीय महिला महाविद्यालय सी०सी०रोड देवरिया, राजकीय पालीटेक्निक औरा-चौरी गोरखपुर रोड-देवरिया, राजकीय इण्टर कालेज कोतवाली रोड देवरिया, जनता इण्टर कालेज रामपुर कारखाना, लाला करमचन्द्र इण्टर कालेज बरारी बैतालपुर गोरखपुर रोड देवरिया, महाराजा अग्रसेन बालिका इण्टर कालेज विजय टाकिज रोड देवरिया, महाराजा अग्रसेन इण्टर कॉलेज जलकल रोड देवरिया एवं एस.एस.बी.एल.इण्टर कालेज गोरखपुर रोड देवरिया केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी।
प्रचारित प्रसारित द्वारा सूचना विभाग देवरिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!