डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत होने से आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ किया धरना प्रदर्शन

भरतपुर 16अगस्त

डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत होने से आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ किया धरना प्रदर्शन

मौके पर पहुंची विधायक ऋतु बनावत ने कहा- मामले की शिकायत चिकित्सा मंत्री से कर अस्पताल की जांच कराएंगे

 

भरतपुर. जिले के बयाना कस्बे में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत होने से आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ अस्पताल में धरना प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार बयाना कस्बे के गांव बंगसपुरा की प्रसूता पूजा (25) पत्नी विक्रम गुर्जर ने गुरुवार को बयाना के प्राइवेट हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी से बेटी को जन्म दिया। इसके बाद गुरुवार शाम को उसकी हालत बिगड़ी। प्राइवेट हॉस्पिटल से पूजा को आरबीएम हॉस्पिटल रेफर किया गया। रास्ते में पूजा की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजन शव को प्राइवेट हॉस्पिटल ले आए और हंगामा कर दिया। भीड़ और विरोध-प्रदर्शन देख महिला का इलाज करने वाले डॉ. महिपाल डांगी की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बयाना सीएचसी में भर्ती कराया पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव बयाना सीएचसी में रखवाया।सूचना के बाद मौके पर विधायक डॉ. ऋतु बनावत, एसडीएम राजीव शर्मा, एएसपी बृजेन्द्र सिंह भाटी, सीओ अमरसिंह मीणा, सीआई बाबूलाल गुर्जर, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषि बंसल भी पहुंचे गए। परिजन हॉस्पिटल को सीज करने की मांग पर अड़े थे। परिजन ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने, हॉस्पिटल को सीज कर संचालक और डॉक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, उचित मुआवजा देने की मांग रखी। विधायक ऋतु बनावत ने कहा- मामले की शिकायत चिकित्सा मंत्री से कर अस्पताल की जांच कराएंगे। हम आंदोलन में परिजन के साथ हैं। एसडीएम ने 7 दिन में कार्रवाई का भरोसा दिया है। इसके बाद परिजन ने धरना खत्म किया। पुलिस ने बयाना सीएचसी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।।

भरतपुर से हेमंत दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!