बड़बिल में अवैध लौह अयस्क परिवहन का भंडाफोड़,पांच आरोपी गिरफ्तार।

बड़बिल में अवैध लौह अयस्क परिवहन का भंडाफोड़,पांच आरोपी गिरफ्तार।

 

(ओडिशा -बड़बिल)ओडिशा राज्य में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़बिल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंगलवार की शाम जटेश्वर मंदिर चौक के पास से अवैध लौह अयस्क से भरे एक ट्रक को जब्त किया और इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।बड़बिल थाना प्रभारी अशोक कुमार नायक के अनुसार, 19 मार्च को शाम करीब 4:05 बजे पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली थी कि रायका गांव से सोयाबली की ओर एक 16 चक्का ट्रक (पंजीकरण संख्या OD 09 G 7564) अवैध रूप से लौह अयस्क ले जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने रास्ते में कई जगह पत्थर रखकर अवरोध उत्पन्न कर दिया ताकि पुलिस को मौके तक पहुंचने में देरी हो।इन बाधाओं के बावजूद, पुलिस टीम ने रास्ते से पत्थर हटाकर ट्रक तक पहुंचने में सफलता हासिल की। हालांकि, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। जब पुलिस ने ट्रक की जांच की, तो उसमें अवैध लौह अयस्क पाया गया था, जिसे तुरंत पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में व्यापक छापेमारी शुरू की। 21 मार्च को पुलिस ने बड़बिल रायका निवासी संतोष मुंडा, नरेंद्र महाकुड़ और सोयाबली वार्ड संख्या 9 के बिशु बारीक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।पुलिस को शक था कि यह मामला एक बड़े अवैध खनन सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है, जो क्योंझर जिले के कई अलग अलग इलाकों में सक्रिय है। इसी सिलसिले में जांच को आगे बढ़ाते हुए 28 मार्च को पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। बड़बिल वार्ड संख्या 8 पाल हटिंग के कांदा लोहार और संतबहाल अंचल के सामंत शेखर महानता को हिरासत में लिया गया और अदालत में पेश किया गया।पुलिस ने इनके पास से वीवो और रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनसे इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध लौह अयस्क चोरी और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे संगठित अपराधों को जड़ से खत्म करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

R9 भारत के लिए ओडिशा के बड़बिल से सज्जाद आलम की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!