बारां में जिला प्रशासन के आदेश हवा में, देर रात तक शराब बिक्री जारी
जिम्मेदार विभाग की लापरवाही से जनता परेशान, जीपीएस सबूतों ने खोली पोल!
बारां। जिला कलेक्टर के सख्त आदेशों के बावजूद बारां में शराब दुकानों पर रात 8:00 बजे के बाद भी खुलेआम शराब बिक्री की जा रही है। यह स्थिति न सिर्फ शासन के आदेशों की अवहेलना है, बल्कि जनता की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समयसीमा के पालन की जिम्मेदारी आबकारी विभाग पर है, लेकिन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्य के प्रति उदासीनता साफ नजर आ रही है। कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं जब संबंधित अधिकारी घटनास्थल के फोटो और वीडियो को फर्जी बताकर कार्रवाई से बचते रहे हैं। मौके पर पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने दुकानों पर चल रही गतिविधियों के फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए, जिनमें स्पष्ट रूप से देर रात तक शराब बिक्री होती दिखाई दे रही है। यह सबूत GPS लोकेशन और समय-संकेत के साथ दर्ज किए गए हैं, जिससे इनकी प्रामाणिकता पर कोई सवाल नहीं उठता। जब इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी देवेंद्र गिरी से बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि निर्देश दिए गए हैं और संबंधित इंस्पेक्टरों को कार्रवाई के लिए पाबंद किया गया है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब तस्वीरें झूठ नहीं बोलतीं, तब तक ये कार्रवाई क्यों नहीं हुई? जनता अब यह जानना चाहती है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक अपनी पीठ खुद थपथपाते रहेंगे !
पंकज राठौर