भरतपुर 20 अगस्त
बुधवार को प्रस्तावित भरतपुर बंद को देखते हुए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक

भरतपुर। 21 अगस्त बुधवार को भारत बंद के आहृवान के सम्बंध में अनुसूचित जाति जनजाति द्वारा प्रस्तावित भरतपुर बंद को देखते हुए जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता मेें कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारिक संगठनों, अनुसूचित जाति जनजाति संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला कलक्टर ने कहा कि भारत बंद के आहृवान में जिले में भी बंद को लेकर सम्बंधित संगठन कानून व्यवस्था की पालना करते हुए अपनी बात रखें। शांतिपूर्ण तरीके से सभी वर्गों में आपसी समन्वय बनाये रखकर ज्ञापन देने आते समय मार्ग में कानून का पालन करें। उन्होंने कहा कि बंद समर्थक सभी संगठन रैली में किसी भी प्रकार के अस्त्र, शस्त्रों, लाठी, डंडों को लेकर नहीं चलेंगे। जिला कलक्टर ने सभी व्यापारिक संगठनों को भी आहृवान किया कि वे बंद के दौरान कानून व्यवस्था की पालना करते हुए संगठनों के द्वारा लिए गए निर्णय के तहत कार्य करें। जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस द्वारा सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निरंतर निगरानी रखी जा रही है, किसी भी व्यक्ति द्वारा भ्रामक एवं डीप फेक फोटो, वीडियो अपलोड या शेयर किये जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन नीरज कुमार मीना, अतिरिक्त कलक्टर शहर श्वेता यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालचंद कायल, उपखण्ड अधिकारी रवि कुमार, सहायक कलक्टर ओमप्रकाश मीना सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
भरतपुर से हेमंत दुबे