भूपेंद्र सिंह हत्या मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हत्याकांड का अंतिम इनामी आरोपी रामनरेश गिरफ्तार
राजाखेड़ा थाना पुलिस ने भूपेंद्र सिंह हत्याकांड के अंतिम फरार और 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश रामनरेश उर्फ नरेश उर्फ नेता को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन और थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में तलाशी अभियान चलाकर इस आरोपी को दबोचा।
लाठी-डंडों से पीटकर की थी हत्या-:
राजाखेड़ा थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि 11 मार्च 2025 को राजाखेड़ा के नयावांस मोहल्ला निवासी भूपेंद्र सिंह (29) पंचायत समिति के मुख्य गेट पर खड़े थे। तभी देवी सिंह उर्फ देवा, तपेंद्र, रंजीत और अन्य 4-5 व्यक्तियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। भूपेंद्र को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अगले दिन उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना पर राजाखेड़ा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार-:
थानाधिकारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों—तपेंद्र सिंह (27), विजयपाल (29), देवी सिंह उर्फ देवा (28), और रंजीत (27) को गिरफ्तार किया जा चुका है अंतिम आरोपी रामनरेश की तलाश में पुलिस ने कई राज्यों में दबिश दी और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्याकांड का कारण पुरानी रंजिश-:
पुलिस जांच में पता चला कि 2 मार्च 2025 को भूपेंद्र सिंह और आरोपी देवी सिंह उर्फ देवा के बीच किसी छोटी बात पर कहासुनी हुई थी। अगले दिन यह विवाद बढ़ गया, जिसमें देवा के सिर में चोट लगी और थाने में मामला दर्ज हुआ। इसी रंजिश के चलते देवा और उसके साथियों ने साजिश रचकर भूपेंद्र पर हमला किया, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने रामनरेश की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। संवाददाता मनोज राघव राजाखेड़ा