चंदौली : मार्च माह के प्रथम पखवारे में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। सुबह से ही धूप की तल्खी व पछुआ हवा गर्मी का अहसास कराने लगी है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। चार-पांच दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है। फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में ही मौसम में बदलाव देखने को मिलने लगा था। सुबह व शाम के वक्त ही ठंड थी। मार्च में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। सुबह से ही तल्ख धूप और तेज पछुआ हवा गर्मी का अहसास कराने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव घटने की वजह से मौसम में बदलाव हो रहा है। रेगिस्तानी इलाके से आने वाली तेज पछुआ हवा गर्मी का अहसास करा रही है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले चार-पांच दिनों में तीन से चार डिग्री तापमान बढ़ेगा। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान में वृद्धि होगी। न्यूनतम तापमान बढ़कर 20 डिग्री तक व अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। तापमान में उत्तरोत्तर वृद्धि होती रहेगी। इस समय न्यूनतम तापमान 15 डिग्री व अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। फिलहाल 13 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है।