राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने धौलपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने एक एके-47 राइफल, मैगजीन और 34 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

राजाखेड़ा थानाधिकारी रामकिशन यादव के अनुसार, दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल और तेजपाल ठाकुर, दोनों बसई घीयाराम गांव के निवासी हैं। जीतू चंबल, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रामदत्त उर्फ सोनू चंबल का भाई है। सोनू चंबल को अवैध हथियारों की तस्करी का सरगना माना जाता है।
डीआईजी क्राइम योगेश यादव और एजीटीएफ के एएसपी सिद्धांत शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने धौलपुर के बीहड़ क्षेत्र में सोनू चंबल गैंग के खिलाफ जानकारी जुटाई।
इससे पहले 8 मई को एजीटीएफ और धौलपुर डीएसटी ने संयुक्त अभियान चलाया था। उस दौरान सोनू चंबल गैंग ने पुलिस पर फायरिंग की थी। मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश माधव सिंह पकड़ा गया था। उसके पास से 12 बोर बंदूक, 325 बोर कट्टा और विभिन्न कैलिबर के 35 कारतूस मिले थे। माधव के खिलाफ राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और तेलंगाना में 26 मामले दर्ज हैं। हालांकि, सोनू चंबल अपने साथियों के साथ फरार हो गया था। संवाददाता मनोज राघव