राजाखेड़ा की ग्राम पंचायत समौना में हुई जनसुनवाई, जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा परिवादियों की समस्या का हो हर सम्भव समाधान

राजाखेड़ा-:जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने आज गुरुवार को राजाखेड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत समौना में जनसुनवाई की। जिला कलक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले परिवादों का हर संभव समाधान का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि परिवादियों को सही जानकारी देकर सहानुभूति पूर्वक परिवादों का निस्तारण किया जाए। जनसुनवाई के दौरान परिवादी रामनिवास ने जमाबन्दी खाते में जाति शुद्धि कराए जाने के लिए परिवाद प्रस्तुत किया जिस पर जिला कलेक्टर ने उपखण्ड अधिकारी राजाखेड़ा को समुचित कार्यवाही करते हुए परिवादी की समस्या के समाधान के निर्देश दिए। परिवादी आसाराम ने विद्युत बिल में संशोधन कराए जाने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया जिस पर जिला कलेक्टर ने सहायक अभियन्ता जेवीवीएनएल को मामले के समुचित निस्तारण के लिए निर्देशित किया। परिवादी वैभव कुमार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित शौचालय की पुनर्भरण राशि के भुगतान न होने के मामले में त्वरित भुगतान की कार्यवाही कराये जाने के लिए निर्देशित किया। वहीं परिवादी सुभाष द्वारा दर्ज खेत पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार राजाखेडा को टीम गठित कर मौका जांच कर समुचित कार्यवाही के लिए निर्देश दिए। परिवादी भीकाराम द्वारा दर्ज पेयजल की शिकायत पर हैंडपंप स्वीकृति निकाल त्वरित कार्यादेश देकर कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। परिवादी रामेश्वर द्वारा प्रस्तुत खेत की पैमाइश कराए जाने के मामले में उपखण्ड अधिकारी को पैमाइश कराए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परिवादियों द्वारा दर्ज किए गए परिवादों का सम्बंधित अधिकारी संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करें। इस दौरान जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी परिवादों का समयबद्ध निस्तारण करें, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। जन सुनवाई के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एएन सोमनाथ, उपखंड अधिकारी राजाखेड़ा वर्षा मीना सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। संवाददाता मनोज राघव