राजाखेड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी

राजाखेड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी: पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने वाला 15 हजार का इनामी बदमाश थानसिंह गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में था बदमाश, आरोपी रामदत्त ठाकुर गैंग का है करीबी सहयोगी

राजाखेड़ा ——राजाखेड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे 15,000 रुपये के इनामी वांछित आरोपी थानसिंह पुत्र कल्याणसिंह ठाकुर, निवासी सदापुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज शर्मा व सीओ मनिया राजेश शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में की गई है।

 

पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर भागे थे बदमाश-:

राजाखेड़ा थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि दिनांक 08 मई 2025 को एएसआई शैलेन्द्र सिंह (एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, PHQ जयपुर) को सूचना मिली कि सदापुर जंगल की एक झोपड़ी में रामदत्त ठाकुर और उसके 5-6 साथी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर थाना राजाखेड़ा पुलिस, एंटी गैंगस्टर फोर्स और डीएसटी टीमों ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। जैसे ही झोपड़ी को चारों ओर से घेरा गया, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और जंगल व उबड़-खाबड़ जमीन का फायदा उठाकर फरार होने लगे।

मौके पर एक बदमाश को दबोचा, भारी असलाह बरामद-:

घटनास्थल से एक बदमाश को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। जिसकी पहचान माधवसिंह उर्फ कछुआ निवासी गढ़ी करीलपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से 12 बोर की दुनाली बंदूक, दो कट्टा 315 बोर, 23 जिंदा कारतूस, 7.65 एमएम के 5 कारतूस सहित भारी असलाह बरामद किया गया।

पुलिस की तकनीकी निगरानी से पकड़ में आया थानसिंह-:

घटना के बाद पुलिस ने साइबर सेल की तकनीकी मदद से फरार बदमाशों की तलाश तेज की।शनिवार 7 जून 2025 को थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने अथक प्रयासों के बाद वांछित आरोपी थानसिंह को गिरफ्तार कर लिया। उस पर पुलिस अधीक्षक धौलपुर द्वारा 15,000 का इनाम घोषित किया गया था।

मुख्य आरोपी रामदत्त ठाकुर और साथी विजय झज्जर जेल में बंद

पुलिस ने बताया कि प्रकरण के मुख्य आरोपी रामदत्त ठाकुर और उसका साथी विजय वर्तमान में झज्जर (हरियाणा) जेल में बंद हैं। उन्हें इस प्रकरण में प्रोडक्शन वारंट पर पेश किया जाएगा।

अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, शेष की तलाश जारी-:

पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की टीमें अन्य वांछित अपराधियों की तलाश में दबिश दे रही है। संवाददाता मनोज राघव राजाखेड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!