राजाखेड़ा पुलिस, डीएसटी टीम व एंटीगेंगस्टर टीम जयपुर की संयुक्त कार्रवाई, अवैध हथियारों के जखीरे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार,पांच अन्य आरोपी जंगल से फरार पुलिस ने बीहड़ में चलाया सर्च ऑपरेशन
राजाखेड़ा थाना पुलिस, डीएसटी टीम और एंटीगेंगस्टर टीम जयपुर ने संयुक्त रूप से सदापुर के बीहड़ों में सर्च ऑपरेशन चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने बीहड़ों से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिससे भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं वहीं इस दौरान पांच अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बच निकले जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी सदापुर के बीहड़ों में बनी एक झोपड़ी में बैठे हुए थे जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
मामले को लेकर राजाखेड़ा पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सदापुर जंगल में एक झोपड़ी में 5-6 बदमाश हथियार सहित किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे हैं,सूचना पर पुलिस की अलग-अलग टीम सदापुर के जंगल में पहुंची जहां पुलिस को जंगल में एक झोपड़ी बनी हुई दिखाई दी जब पुलिस ने झोपड़ी की घेराबंदी की तो झोपड़ी के अंदर बैठे 5-6 बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया और वह भागने लगे इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक फायर किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी माधव सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने बताया कि मौके से भागे गए आरोपियों में एक आरोपी राजाखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर रामदत्त उर्फ सोनू पुत्र तेजपाल उर्फ तेजा निवासी बसई घीयाराम, और थान सिंह पुत्र कल्याण सिंह निवासी सदापुर, श्यामपाल पुत्र टीकम सिंह निवासी सदापुर, विष्णु उर्फ विटू पुत्र मातादीन निवासी सदापुर सहित एक अन्य आरोपी भी शामिल है।
पकड़े गए आरोपी से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद-:
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी माधव सिंह(32) पुत्र रामदास निवासी घड़ी करीलपुर थाना राजाखेड़ा के कब्जे से 12 बोर बंदूक और एक खाली खोखा 12 बोर, दो कट्टा 315 बोर, 23 कारतूस जिंदा 12 बोर, 07 कारतूस जिंदा 315 बोर और 5 कारतूस जिंदा 7.65 के. एफ के बरामद किए गए हैं
पुलिस ने बताया कि भागे हुए बदमाशों की तलाश में बीहड़ में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। संवाददाता मनोज राघव राजाखेड़ा