लोहे की खोखेनुमा दुकान को चोरों से बचाने के लिए लगाए हुए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

लोहे की खोखेनुमा दुकान को चोरों से बचाने के लिए लगाए हुए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने तक शव दफनाने से किया इन्कार

 

 

भरतपुर। जिले की बयाना कोतवाली थाना इलाके के गांव सालाबाद में लोहे की खोखानुमा दुकान में दौड़ रहे करंट से अनभिज्ञ एक 23 बर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव सालाबाद निवासी शहजाद खान से प्राप्त जानकारी के अनुसार उसका भाई अलीम पुत्र इस्माइल मंगलवार रात करीब 10.30 बजे परिजनों के साथ भूसा (तूड़ी) भरने के लिए खेत पर जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के इंतजार में गांव के बस स्टैंड पर स्थित भवानी गुर्जर और उसके भाइयों श्रीचंद व पप्पू की किराना जनरल स्टोर की दुकान के बाहर चबूतरे पर बैठ गया। परिजनों ने बताया कि यह दुकान लोहे की खोखानुमा है। जिसके चारों तरफ दुकानदार भाइयों ने लोहे का जाल लगा रखा है। जिसमें जानबूझकर चोरी की घटना से बचने के लिए बिजली के तार लगा रखे हैं। जिनमें दुकान बंद करने के बाद रात को करंट छोड़ देते हैं। शहजाद ने बताया कि दुकान पर बैठने के दौरान उसके भाई अलीम को करंट लग गया। अलीम गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे रात को तुरंत बयाना सीएचसी लाए। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाने के सब-इंस्पेक्टर रमेश खटाना ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों ने दुकानदार भाइयों के खिलाफ लापरवाही से मृत्यु कारित करने का मामला दर्ज कराया है। मृतक युवक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने तक शव दफनाने से इनकार कर दिया है। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रशासन द्वारा मृतक युवक के परिजनों से समझाइश की जा रही हैं।।

भरतपुर से हेमंत दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!