वर्क फ्रॉम होम के नाम पर युवक से 14.68 लाख रुपए की साइबर ठगी
भरतपुर। बयाना सदर थाना क्षेत्र के गांव दूदूपुरा शेखपुरा निवासी एक व्यक्ति से वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 14.68 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित नवल किशोर शर्मा (36) पुत्र उदल राम शर्मा ने फोन नंबर के आधार पर ठगों के खिलाफ थाने में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि 9 अप्रैल को उसके व्हाटसएप पर रेंक माई एप की एजेंट ऐश्वर्या नाम की लड़की का मैसेज आया। जिसने उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया। एजेंट ने वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर उससे कुछ पैसे जमा करवाए और टेलीग्राम पर टास्क दिया गया। टास्क पूरा होने पर कुछ पैसे कमीशन के साथ वापस भी दिए। उसके बाद एक जगह पर जाकर टास्क अटक गया और मुझसे 30 हजार रुपए जमा कराने को बोला। इसी तरह कई बार उससे टास्क अटकने पर पैसे लिए और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 14 लाख 68 हजार रुपए की राशि फ्रॉड खातो में जमा करा दी। टास्क पूरा होने पर जब राशि निकालने की प्रक्रिया शुरू की तो 50 प्रतिशत राशि अमानत के रूप में जमा कराने को कहा गया। कम्पनी की ओर से कहा गया कि जब तक 50 प्रतिशत राशि (9 लाख 6 हजार 488 रूपये) जमा नहीं कराएंगे तब तक आपको 18 लाख 12 हजार रुपए नहीं मिलेंगे। 50 प्रतिशत राशि देने से मना किया तो उन्होंने धमकाया और राशि वापस नहीं देने की धमकी दी। सदर थाना एसएचओ रामदीन शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच डिप्टी एसपी अमर सिंह मीणा को सौंपी गई है।।
भरतपुर से हेमंत दुबे