भरतपुर 26 दिसंबर
वीर बाल दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारा पहुंच अर्पित की श्रद्धांजलि

नदबई. गुरु गोविंद सिंह के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह जी के बलिदान दिवस के अवसर पर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शहर मंडल संयोजक रोहित उपाध्याय के नेतृत्व में पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि प्रदान की गई। इस अवसर पर ज्ञानी सरदार हरवंश सिंह द्वारा साहिबजादों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि वीर बाल दिवस हमें साहस और बलिदान की कहानी याद दिलाता है। जोरावर सिंह और फतेह सिंह ने मुगल शासक के अत्याचारों का डटकर सामना किया और धर्म नहीं बदलने की कसम खाई।
इन साहिबजादों ने अपनी जान की बाजी लगाकर धर्म के लिए निष्ठा का परिचय दिया। उन्होंने साबित किया कि धर्म केवल रस्मों-रिवाजों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है।
शहर मंडल संयोजक रोहित उपाध्याय ने कहा कि साहिबजादा जोरावर सिंह की उम्र 9 वर्ष थी और फतेह सिंह की 6 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में ही इन साहिबजादों ने अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। इनका ये बलिदान इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज हो चुका है। यह हमें प्रेरित करता है कि हम भी अपने जीवन में कठिनाइयों का सामना करते हुए धैर्य और दृढ़ता बनाए रखें।वीर बाल दिवस हमें राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देता है। इन साहिबजादों ने सभी धर्मों के लोगों को एकजुट होने का संदेश दिया था।इस मौके पर पुर्व पार्षद हरिशंकर उपाध्याय , जगदीश मेंहदीरत्ता, बालमुकुंद बिहारिया, रघुनंदन उपाध्याय, सरदार गोविंद सिंह,ओमप्रकाश सिनसिनवार,
विष्णुदत्त शर्मा,विनोद मेंहदीरत्ता,गिरधारी लाल,हरवंश बड़ेजा, रत्ती उपाध्याय,राजीव,रोहित पिप्पल सहित आदि अनेकों लोग मौजूद रहे ।।
भरतपुर से हेमंत दुबे