खादी और ग्रामोद्योग आयोग, पटना, बिहार के तत्वावधान में जन विकास क्रांति द्वारा ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत ग्रामीण अभियांत्रिकी तथा नवीन तकनीकी आधारित उद्योग (RENTI) कार्यक्रम के तहत वेस्टवुड क्राफ्ट प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में 20 प्रतिभागियों को वेस्टवुड से नए और टिकाऊ उत्पाद बनाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

इस अवसर पर खादी और ग्रामोद्योग आयोग, भारत सरकार के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को टूल किट वितरित किए। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण उद्यमिता के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इस प्रशिक्षण से कारीगरों को न केवल नई तकनीकों का ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे बाजार की जरूरतों के अनुसार अपने उत्पादों को विकसित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जन विकास क्रांति के महासचिव डॉ हिमराज सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें टिकाऊ कारीगरी से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसके तहत कारीगरों को न केवल प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि वे अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर सकें।यह पहल “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को मजबूती देने में सहायक होगी। जन विकास क्रांति भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कर कारीगरों और उद्यमियों को स्वावलंबी बनाने हेतु कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में खादी और ग्रामोद्योग आयोग पटना के कनिष्ठ कार्यकारी रवि कुमार वर्मा, कुमारी स्नेहा सिंह,अभिषेक कुमार, विकास चौधरी , धनजी सिंह, मो. जावेद, शिव मंगल कुमार,प्रभुनाथ सिंह, सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।