सेवानिवृत्त टीचर के घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवरात सहित बाइक पर किया हाथ साफ
घर की दीवार कूदकर घर में घुसे अज्ञात चोरों ने घर में सो रहे परिवारीजनों के कमरे को बाहर से बंद कर, दिया घटना को अंजाम
घटना की सूचना पर बयाना विधायक ऋतु बनावत पहुंची मौके पर, आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी के दिए निर्देश

भरतपुर। जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के निभेरा गांव में बीती रात को अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात सहित एक बाइक पर हाथ साफ कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत शिक्षक राजवीर सिंह देर रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे इसी बीच चोर घर की दीवार कूदकर घर में घुसे, जिसके बाद चोरों ने राजवीर और उसकी पत्नी के कमरे को बाहर से बंद कर दिया तदोपरांत चोरों ने दूसरे कमरे का जंगला तोड़ उसमे दाखिल होकर कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़ा तथा अलमारी में रखे 4 सोने की चूड़ी, 2 अंगूठी और 1 जंजीर को कब्जे में लेकर ले गए अन्य कमरों की भी तलाशी ली जिनमें चोरों को कुछ नहीं मिला। इसके बाद जाते समय चोरों ने मैन गेट का अंदर से ताला तोड़ा और घर में खड़ी बाइक को साथ ले जाते हुए मैन गेट को बाहर से बंद कर गए। सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर जब राजवीर उठा तो, उसने कमरे से निकलना चाह तो कमरा बाहर से बंद था। तब राजवीर ने अपने पड़ोसियों को फोन कर कमरा खुलवाया तो घटना के बारे में जानकारी हुई। तत्पश्चात मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी,चोरी की सूचना पर रुदावल थाना पुलिस, एफएसएल की टीम, डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और चोरों का पता लगाने की कोशिश की। घटना की सूचना पर बयाना विधायक ऋतु बनावत ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए पुलिस को मामले में अतिशीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश प्रदान किए।।
भरतपुर से हेमंत दुबे की रिपोर्ट