स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने धरमजयगढ़ पहुंचे कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा

छ. ग. रायगढ़ से रिपोर्टर महेंद्र अग्रवाल R9 भारत

स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने धरमजयगढ़ पहुंचे कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा

कहा जल्द पूरा करें हमर लैब और ब्लड बैंक

धरमजयगढ़ अस्पताल में 4 स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स भी दे रहे सेवाएं

रायगढ़, 8 फरवरी 2023/ जिले के दूरस्थ इलाकों में लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्री सिन्हा आज सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ के निरीक्षण में पहुंचे। यहां उन्होंने मेडिकल स्टाफ से कहा कि जिला मुख्यालय से अधिक दूर होने से आस-पास के लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भरता इसी अस्पताल में हैं। इसको देखते हुए यहां शासन की योजना के तहत हमर लैब का निर्माण किया जा रहा है। साथ ब्लड बैंक की सुविधा भी तैयार की जा रही है। इसका जल्द लोगों को लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कहा कि सभी काम शीघ्रता से पूरे किए जाएं।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने अस्पताल के सभी वार्डों का मुआयना किया और मरीजों के लिए मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में बन रहे हमर लैब व ब्लड बैंक की बिल्डिंग का भी जायजा लिया। निर्माण कर रहे विभागों के अधिकारियों से कहा कि काम जल्द पूरा होना चाहिए। यहां बने आइसोलेशन वार्ड का उपयोग मरीजों को भर्ती करने में करें। उन्होंने अस्पताल के लिए जरूरी मैन पावर और संसाधनों की जानकारी तैयार कर के देने के निर्देश दिए। जिससे उसकी व्यवस्था की जा सके।
4 स्पेशलिस्ट डॉक्टर कर रहे मरीजों का इलाज
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. मधुलिका सिंह ठाकुर ने बताया कि सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों से उपचार की व्यवस्था करवाई गई है। हर महीने के दूसरे बुधवार रेडियोलॉजी, महिला रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग व मेडिसिन के स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स यहां उपलब्ध रहते हैं। कलेक्टर श्री सिन्हा ने इसकी तारीफ की और कहा की इससे क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
मरीजों और परिजनों को बताएं 100 रुपए की दवा मिलती है 30 रुपए में
कलेक्टर श्री सिन्हा ने अस्पताल परिसर में धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने दवा की उपलब्धता और प्रतिदिन की बिक्री की जानकारी ली। बताया गया कि 300 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण योजना है जिससे लोगों को दवाओं के खर्च से राहत मिले। यहां 70 प्रतिशत छूट के साथ दवाएं मिल रही हैं इसका व्यापक प्रचार लोगों के बीच करें।
छाल पीएचसी के जनरल वार्ड का होगा जीर्णोद्धार
कलेक्टर श्री सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान छाल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां मेडिकल ऑफिसर डॉ.पैंकरा से अस्पताल में ओपीडी और आईपीडी के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि अस्पताल में अभी 60 से 70 ओपीडी रोजाना हो रही है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर मेल, फीमेल तथा जनरल वार्डों का जायजा लिया। जनरल वार्ड की स्थिति मरम्मत योग्य होने पर उन्होंने कहा कि वार्ड का रेनोवेशन करवाया जायेगा जिससे मरीजों को सुविधा हो। उन्होंने इसके लिए प्रस्ताव बनाकर देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!