युवा हो तुम देश की शान, उठो जागो करो मतदान
स्वीप के तहत समाज के अंतिम व्यक्ति तक को 07 मार्च को मतदान के लिए किया जा रहा है जागरूक
चहनियां (चन्दौली)। जिला निर्वाचन अधिकारी चन्दौली के निर्देश पर विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 में समाज के हर तबके के मतदाताओं की भागीदारी हो, वो बढ़ चढ़कर मतदान में हिस्सा लें, इसके लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले के हर क्षेत्र में हर वर्ग के मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ड्योढ़ा के छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली को जिले के स्वीप राकेश यादव रौशन एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य फ़ैयाज़ अहमद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान बच्चे युवा हो तुम देश की शान, उठो जागो करो मतदान, युवा शक्ति के तीन काम, शिक्षा सेवा और मतदान, खाना बाद में खाएंगे, पहले वोट देने जाएंगे और भैया बहना भूल न जाना, वोट देने जरूर जाना जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे।
इस अवसर पर जिले के स्वीप आईकॉन राकेश यादव रौशन ने कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यस्था की रीढ़ होता है। पांच साल में एक बार हमें यह मौका मिलता है कि हम अपना जन प्रतिनिधि चुन सकें। हमारा लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक को मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए मतदाताओं से डोर टू डोर मिलकर उनसे जाति, धर्म, सम्प्रदाय, भाषावाद, क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर एक अच्छे व्यक्ति के पक्ष में मतदान करने की अपील की जा रही है। इसके साथ ही कामगार, पिछड़े, मजदूर, दिव्यांगों, महिलाओं, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों, कोविड पॉजिटिव व्यक्तियों और थर्ड जेंडर मतदाताओं को अधिक जागरूक बनाने की बात कही।।
प्रधानाचार्य फ़ैयाज़ अहमद ने कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार है। इसलिए इसका प्रयोग बहुत सोच समझकर करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि जब मतदान में सबकी सहभागिता रहेगी, तभी जिले का मत प्रतिशत बढ़ेगा। इसके लिए बच्चों द्वारा आज यह जागरूकता रैली निकाली गई।
इस अवसर पर सरोज यादव, आशुतोष सिंह, प्रीतम मिश्रा, कामिनी तिवारी, गीता देवी, उर्मिला देवी आदि लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।. चंदौली संवाददाता शिवेंद्र प्रताप सिंह