07 मार्च से शुरू होकर 13 मार्च तक चलेगा। कम्युनिटी डिमांड के आधार पर कैंप स्थापित किए जाएं।

कन्नौज से अमित मिश्रा की रिपोर्ट ,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
कन्नौज दिनांक 28 फरवरी 2022
जनपद में दो वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती के नियमित टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 07 मार्च से तीन चरणों में संचालित होगा मिशन इंद्रधनुष 4.0। मिशन इंद्रधनुष 4.0 टीकाकरण अभियान का पहला चरण जनपद में 07 मार्च से शुरू होकर 13 मार्च तक चलेगा। कम्युनिटी डिमांड के आधार पर कैंप स्थापित किए जाएं।
उक्त जानकारी जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार मिश्र द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित चिकित्सक व अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के दौरान व अन्य कारणों से टीकाकरण से वंचित बच्चों और गर्भवती को टीका लगाने के लिए इस अभियान को संचालित करने हेतु प्राप्त शासन के निर्देशों के अनुक्रम में यह अभियान तीन चरणों में संचालित किया जायेगा। सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 का पहला चरण सात मार्च से शुरू होने जा रहा है। उन्होंने समस्त तैयारियों का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि द्वितीय चरण 04 अप्रैल और तृतीय चरण 02 मई से शुरू होगा जिसके दौरान बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित बनाने के लिए चिन्हित टीकाकरण सत्रों पर टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जायेगा। यह अभियान स्वास्थ विभाग की तरफ से पूर्ण रूप से नि:शुल्क संचालित किया जायेगा। इस अभियान में शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों को बीसीजी, ओवीपी, पेंटावेलेंट, रोटावायरस, आईपीवी, पीवीसी, मीजल्स रूबेला, जेई, विटामिन-ए, डीपीटी बूस्टर डोज आदि टीकों और गर्भवती को टिटनेस, डिप्थीरिया (टीडी) का टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा ।
श्री मिश्र द्वारा बताया गया कि नियमित टीकाकरण से किसी भी कारणवश वंचित रहने वाले दो वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती की सूची आशा कार्यकर्ता द्वारा हैड काउंट सर्वे करने के बाद तैयार की जायेगी । उन्हीं वंचित लाभार्थियों को मिशन इंद्रधनुष 4.0 के तहत टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जायेगा। उन्होंने आगामी 2 मार्च 2022 तक माइक्रोप्लान तैयार कर प्रस्तुत किये जाने के साथ ही सर्वे की क्वलिटी की गुणवत्ता बनाये रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि कम्युनिटी की डिमांड के आधार पर भी कैंप लगाया जाए। जिस गांव में कैम्प लगाया जाए उस गांव में इसकी सूचना पहले से चस्पा कर दी जाए।
उन्होंने कहा कि मिशन इन्द्रधनुष अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ ही संबंधित क्षेत्र की आशा,आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित उस क्षेत्र की आशा संगिनी भी सहयोग के लिए मौजूद रहेंगी। उन्होंने मिशन इन्द्र धनुष 4.0 अभियान के मॉनिटरिंग के विषय में बताया कि 05 टीमों पर एक मॉनिटर लगाया जाए। मॉनिटर से नोडल अधिकारी प्रतिदिन समीक्षा करेंगे। इस दौरान उन्होंने कोल्ड चेन एवं वैक्सीन के रख रखाव के बारे में सभी प्रतिभागियों को जानकारी दी और कहा कि उक्त के साथ कोविड-19 वैक्सिनेशन के कार्य मे गति लाई जाए। इस मौके पर उन्होंने 20 मार्च 2022 से पोलियोड्राफ् कार्यक्रम के आयोजन की बात कही।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!