6 वर्ष तक के बच्चों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाने जिले में लगेंगे शिविर

Riport By-महेंद्र अग्रवाल

कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में विगत 28 नवंबर से जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु राजस्व शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज एसडीएम मोनिका वर्मा द्वारा सारंगढ़ के नौरंगपुर गांव में आयोजित राजस्व शिविर का जायजा लिया गया। उक्त शिविर में सप्ताह भर पूर्व यानि पिछले सोमवार को जाति प्रमाण पत्र के आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 6 वर्ष के बच्चों के आवेदन प्रमुखता में थे, उन बच्चों का स्थायी जाति प्रमाण पत्र सप्ताह भर में तैयार कर लिया गया, जिसे एसडीएम द्वारा स्वयं आज उन बच्चों को प्रदान किया गया।

इसके साथ ही 6 वर्ष के बच्चों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाने को प्रमुखता में लेते हुए कलेक्टर डॉ.सिद्दकी के निर्देशन में जिले में अगले सप्ताह से एक अलग शिविर का आयोजन किया जाएगा। उक्त शिविर में समस्त आंगनबाडिय़ों को केन्द्र में रखते हुए 6 वर्ष तक के बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनवाया जाएगा। शिविर में संबंधित पटवारी के माध्यम से आवेदन एकत्रित किए जाएंगे और प्राप्त आवेदनों में जिनके दस्तावेज सटीक और पूर्ण होंगे, परीक्षण उपरांत उन्हें स्थायी जाति प्रमाण जारी किया जाएगा। जिले स्तर पर इस शिविर का आयोजन इसलिए किया जा रहा है ताकि बच्चों को जल्द से जल्द जाति प्रमाण पत्र की सुविधा मिल सके। यह प्रमाण पत्र आजीवन उनके लिए मान्य होगा, जो कि उन बच्चों के लिए एक बहुत बड़ी सुविधा होगी।

अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 दिसम्बर 2022/ कलेक्टर डॉ.फरिहा आलम सिद्दकी के निर्देशन में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आज कलेक्ट्रेट में जनदर्शन के माध्यम से लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के आधार पर सभी संबंधित विभागों को समस्याओं का त्वरित निराकरण कर अवगत कराने के निर्देश दिए। जनदर्शन में भटगांव के अशोक साहू द्वारा शामिल शरीक खाते के दो हिस्से की धान फसल विक्रय करने की अनुमति हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया, इस पर अपर कलेक्टर ने तहसीलदार भटगांव को जाँच करने के निर्देश दिए। बरमकेला निवासी बद्रीनाथ कोड़ाकू द्वारा जाति प्रमाण के संबंध में आवेदन किया गया, जिसमें पिता के पढ़े-लिखे न होने और उनके नाम पर जमीन न होने के कारण उनके पास पर्याप्त दस्तावेज नहीं है, उपरोक्त मामले पर तहसीलदार बरमकेला को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए साथ ही यह भी कहा कि जाति प्रमाण पत्र के मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। बिलाईगढ़ के श्रद्धा महिला स्व-सहायता समूह द्वारा चिक्की निर्माण किया जाता है, जो पूर्व में बलौदाबाजार से संचालित होता था, नवीन जिले के निर्माण पश्चात सारंगढ़ में शामिल होने की वजह से उनका कार्य स्थगित है। उक्त मामले की जांच के लिए अपर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग, बलौदाबाजार को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। मनरेगा के कार्यों के भुगतान संबंधी प्राप्त आवेदन के निराकरण के लिए जनपद सीईओ सारंगढ़ को जांच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनदर्शन में अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में आवेदन लेकर पहुंचे थे। अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने संबंधित सभी अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण कर उन्हें तथा आवेदकों को सूचित करने के निर्देश दिए।

राज्य स्तरीय रामायण मंडल प्रतियोगिता आयोजन के संबंध निर्देश जारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 दिसम्बर 2022/ राज्य शासन के निर्देशानुसार रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने हेतु ग्राम स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। जनपद पंचायत सारंगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सर्व सरपंच/सचिव को अवगत कराते हुए कहा कि जनपद पंचायत सारंगढ़ अंतर्गत कुल 59 रामायण मंडलियों का नाम प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में सदस्यों के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानस विशेषज्ञ, वरिष्ठ कलाकार, संगीत शिक्षकों को शामिल किया जाना है। 5 से 10 दिसम्बर 2022 दोपहर 2 बजे से अपने ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतियोगिता कराये तथा मानस मंडली विजेता की जानकारी कार्यालय जनपद पंचायत सारंगढ़ में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!