स्टेट कोऑर्डिनेटर मध्य प्रदेश एवं ब्यूरो चीफ इरफान मंसूरी की विशेष रिपोर्ट
MN- 8878420082
सैकड़ों जन्मों के पुण्य एकत्रित होने पर श्रवण करने मिलती है भागवत कथा
-विशाल कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ, चांदामेटा में कथावाचक सुरेंद्र शास्त्री महाराज का हुआ जोरदार स्वागत
छिंदवाड़ा| चांदामेटा में सोमवार को विशाल कलश शोभायात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ| कथावाचक शिव मंदिर कचनार सिटी जबलपुर के मुख्य आचार्य एवं मां दक्षिणेश्वरी धाम के संस्थापक सुरेंद्र दुबे शास्त्री जी महाराज का चांदामेटा में आयोजन समिति एवं क्षेत्रीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया| शोभा यात्रा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर खेरापति माता मंदिर होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची| शोभायात्रा में सैकड़ों कन्या एवं महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थी| साथ में आतिशबाजी एवं बैंड बाजों की धुन पर भक्ति में वातावरण में लोग भगवान के जयकारे लगाते हुए बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल हुए|
कथा के प्रारंभ में व्यासपीठ से सुरेंद्र दुबे शास्त्री जी महाराज ने कहा कि बिना किसी लालसा, बिना किसी कामना से भगवान की भक्ति करना चाहिए| निष्काम भक्ति ही भक्तों को भगवान से मिलाती है| कलयुग में केवल परमात्मा का नाम जपने और कीर्तन करने से ही भगवत प्राप्ति हो जाती है| श्रीमद् भागवत कथा देवताओं के लिए भी दुर्लभ है जो हम मनुष्यों को सहज ही उपलब्ध हो जाती है, इसलिए जहां भी भागवत कथा हो, वहां सभी लोगों को कथा श्रवण करने के लिए जाना चाहिए|
कथा के पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक रामेश्वर जी पटेल, जिला प्रचारक अजय जी, कार्यक्रम आयोजक थाना प्रभारी चांदामेटा निरीक्षक राजेंद्र सिंह मर्सकोले एवं हिन्दू राष्ट्र उत्सव समिति के सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच व्यासपीठ का पूजन कर शास्त्री जी महाराज का स्वागत एवं अभिनंदन किया| पूजन अर्चन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आचार्य नितिन गर्ग ने संपन्न कराया| इस दौरान हिंदू राष्ट्र उत्सव समिति के कार्यक्रम अध्यक्ष कमल बंदेबार, संयोजक राजा गढ़वाल, कार्यक्रम संरक्षक दुर्गेश यादव, सह संरक्षक संजय डेहरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे|