ब्यूरो रिपोर्ट पलामू झारखंड
उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं,कार्रवाई करने का दिया निर्देश
उपायुक्त शशि रंजन ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उपायुक्त श्री रंजन ने कोविड नियमों का पालन कर शारीरिक दूरी व फेस मास्क का उपयोग कर विभिन्न प्रखंडों से आये लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन,वृद्धा पेंशन,विधवा पेंशन,पेयजल व राशन कार्ड से संबंधित मामले उपायुक्त के समक्ष रखे गये। उपायुक्त ने सभी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जनता दरबार में ग्रामीणों से बेझिझक अपनी शिकायतें सामने लाने की बात कही इसके अलावे उन्होंने “आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत भी लोगों से विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
पाण्डु के ग्राम मुसिखाप से आये सबीना बीबी ने उपायुक्त को बताया कि उनके पति दोनों पैर से विकलांग है तथा हमलोगों के पास रहने को घर नहीं है जिसके कारण हमलोगों को आवासन में परेशानी आ रही है। अतः उन्होंने उपायुक्त से अपने लिए प्रधानमंत्री आवास के तहत आवास देने हेतु अनुरोध किया।
इसी क्रम में छत्तरपुर के पारा शिक्षक धर्मेंद्र कुमार ने उपायुक्त के समक्ष अपने बिगड़ते स्वास्थ्य का हवाला देते हुए नजदीक के किसी विद्यालय में स्थानांतरण करने हेतु आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत हमेशा खराब रहती है और इस स्थिति में उनको विद्यालय प्रतिदिन जाना पड़ता है। जिसकी वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है क्योंकि विद्यालय उनके घर से बहुत दूरी पर है। अतः उन्होंने उपायुक्त से सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए किसी नजदीक के विद्यालय में स्थानांतरण करने हेतु अनुरोध किया।
वही चैनपुर के खूंटारकला से आयी चिंता कुंवर ने उपायुक्त के समक्ष अपना आवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि वह एक विधवा महिला है तथा विधवा पेंशन के सहारे अपने एक पुत्र के साथ अपने पिता के यहा किसी तरीके से जीवनयापन करती है। उन्होंने बताया कि उनके पिता के द्वारा एक जमीन प्राप्त है जिस पर वह प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत अपना मकान बनवा रही है। इसके लिए उन्होंने सारी तैयारियां कर ली है किंतु उसी ग्राम के कुछ दबंग लोगों के द्वारा दबंगई दिखाते हुए उनकी भूमि को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। अतः उन्होंने उपायुक्त से उचित कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
इसके अतिरिक्त आज के जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन संबंधी,वृद्धा पेंशन,विकलांग पेंशन,प्रधानमंत्री आवास व म्यूटेशन से जुड़े आवेदन आये जिसे उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अग्रसारित कर 15 दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया.