राजस्थान में विदा हो रही सर्दी, बाड़मेर में पारा 31 पार, जानें अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम

जयपुर 10 फरवरी2026

राजस्थान में विदा हो रही सर्दी, बाड़मेर में पारा 31 पार, जानें अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम

जयपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री और 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

 

जयपुर: पिछले साल दिसंबर से शुरू हुआ कड़ाके की ठंड का सिलसिला अब फरवरी में धीरे धीरे खत्म होता नजर आ रहा है. दूसरे सप्ताह में ही दिन के समय सूरज के तीखे तेवर सहने को मिलने लगे हैं. हालांकि सुबह और रात में हल्की ठंड बनी हुई है. वही रेगिस्तानी इलाकों में दिन के तापमान में वृद्धि होने लगी है.बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है, जो मौसम में बदलाव का संकेत देता है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

बाड़मेर में बढ़ा तापमान:

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सोमवार सुबह तक के पिछले 24 घंटो के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान पाली में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान:

इसके अलावा, जालोर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तथा चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और जोधपुर शहर में 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, राजधानी जयपुर में इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री और 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान:

मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में 12.3 डिग्री, भीलवाड़ा में 11.9 डिग्री, अलवर में 7.2 डिग्री, जयपुर में 13.7 डिग्री, पिलानी में 9.3 डिग्री, सीकर में 9.5 डिग्री, कोटा में 11.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 11.0 डिग्री, बाड़मेर में 11.0 डिग्री, जैसलमेर में 14.6 डिग्री, जोधपुर में 12.5 डिग्री, माउंट आबू में 8.2 डिग्री, बीकानेर में 15.3 डिग्री, चूरू में 10.8 डिग्री, श्री गंगानगर में 10.5 डिग्री, नागौर में 7.4 डिग्री, डूंगरपुर में 14.9 डिग्री, जालौर में 9.0 डिग्री, सिरोही में 8.3 डिग्री, सीकर के फतेहपुर 7.9 डिग्री, करौली में 7.0 डिग्री और दौसा में 6.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नहीं:

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, राजस्थान में फिलहाल मौसम का मिजाज स्थिर बना रहेगा। आने वाले एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. हालांकि, उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सुबह और रात के समय अभी भी हल्की ठंड महसूस की जाएगी, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है.

दो हफ्तों तक मौसम में बदलाव नहीं:

अगले चार दिनों तक आसमान बिल्कुल साफ रहेगा, जिससे धूप की तपिश और बढ़ेगी. इसके बाद पारे में थोड़ी और बढ़त देखने को मिल सकती है. जानकारों का कहना है कि आगामी दो हफ्तों तक मौसम में किसी बड़े उलटफेर की उम्मीद नहीं है. आज एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय जरूर हो रहा है, पर उसका असर न के बराबर रहेगा….!!

जयपुर से हेमंत दुबे की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!