जयपुर 12 फरवरी 2026
19.90 लाख छात्र, 6191 केंद्र और ‘तीसरी आंख’ का पहरा, राजस्थान बोर्ड परीक्षाओं का आज से आगाज
राज्य के 6,191 परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी सहित संवेदनशील केंद्रों पर CCTV कैमरों के जरिए सीधा कंट्रोल
जयपुर: राजस्थान में आज से शिक्षा का सबसे बड़ा ‘महाकुंभ’ शुरू हो चुका है. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज, 12 फरवरी 2026 से शुरू हुई हैं. इस साल प्रदेश के करीब 19.90 लाख छात्र अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं. प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह ‘नकल विहीन’ बनाने के लिए ‘चक्रव्यूह’ तैयार किया है.
एग्जाम का पूरा शेड्यूल:
10वीं बोर्ड: 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेंगी.
12वीं बोर्ड: 12 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित की जाएंगी.
छात्रों की संख्या: 10वीं में 10.68 लाख और 12वीं में 9.10 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हैं.
बोर्ड परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक आयोजित हो रही है…
सुरक्षा के ‘हाई-टेक’ इंतजाम:
प्रशासन ने इस बार परीक्षाओं को ‘फुलप्रूफ’ बनाने के लिए कमर कस ली है. राज्य के 6,191 परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है. संवेदनशील केंद्रों पर CCTV कैमरों के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग हो रही है. इस बार पेपर्स की सुरक्षा के लिए उन्हें पुलिस थानों और चौकियों में रखा गया है. इस साल 15 जिलों के 51 केंद्रों को ‘अति-संवेदनशील’ माना गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है.
CM भजनलाल शर्मा और PM मोदी का मंत्र:
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षा को तनाव के रूप में नहीं बल्कि एक ‘उत्सव’ के रूप में लें. उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों के लिए घर में सकारात्मक माहौल बनाएं. मुख्यमंत्री ने PM नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ का जिक्र करते हुए छात्रों को तनावमुक्त रहने की सलाह दी है.
हेल्पलाइन नंबर:
अगर परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड या केंद्र से जुड़ी कोई भी दिक्कत है, तो वे तुरंत बोर्ड के कंट्रोल रूम से इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
फोन :- 0145-2632866, 2632867, 4083549
ईमेल: ddexamfirst@gmail.com
जयपुर से हेमंत दुबे