एसओजी की अण्डमान, कोलकाता, जालौर, कोटा एवं जयपुर में 06 स्थानों पर एक साथ दबिश

जयपुर 18 फरवरी 2026

एसओजी की अण्डमान, कोलकाता, जालौर, कोटा एवं जयपुर में 06 स्थानों पर एक साथ दबिश

10-10 हजार रुपये के ईनामी 05 डमी परीक्षार्थी गिरफ्तार 03 एमबीबीएस स्टूडेन्ट एवं 02 राजकीय अध्यापक गिरफ्तार

01 संदिग्ध एमबीबीएस स्टूडेन्ट हिरासत में

 

जयपुर..विशाल बंसल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी), राजस्थान, जयपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 के अंतर्गत सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान तथा विज्ञान विषय की परीक्षा दिनांक 24.12.2022 को आयोजित की गई थी। सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण उक्त परीक्षा निरस्त कर दिनांक 29.01.2023 को पुनः आयोजित की गई।

एडीजी एसओजी ने बताया कि सार्वजनिक परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों द्वारा डमी परीक्षार्थियों के माध्यम से परीक्षा उत्तीर्ण कर वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) पद पर धोखाधड़ीपूर्वक चयनित होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्राथमिक जांच उपरांत आयोग द्वारा 14 अभ्यर्थियों एवं अन्य संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध एसओजी, राजस्थान, जयपुर में प्रकरण संख्या 38/2023 दर्ज कराया गया।

तकनीकी एवं मैदानी अनुसंधान

एसओजी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुसंधान अधिकारी श्री प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पूर्व में 12 मूल अभ्यर्थी, 03 डमी एवं 05 सहयोगी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एडीजी बंसल ने बताया कि इस प्रकरण में सबसे बड़ी चुनौती केवल फोटोग्राफ के आधार पर डमी परीक्षार्थियों की पहचान करना था।

महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज द्वारा अभिनव तकनीकी पहल करते हुए राज्य में वन-टाइम रजिस्ट्रेशन डाटाबेस के समानांतर एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित कराया गया, जिसमें अभ्यर्थियों के फोटो एवं विवरण उपलब्ध थे। उक्त डाटाबेस के आधार पर संदिग्ध फोटोग्राफ का मिलान कर कई अभियुक्तों की पहचान सुनिश्चित की गई।

उपमहानिरीक्षक पुलिस श्री परिस देशमुख द्वारा उन्नत तकनीकी विश्लेषण एवं सॉफ्टवेयर टूल्स के माध्यम से पहचान प्रक्रिया को सशक्त किया गया।

अनुसंधान अधिकारी श्री प्रकाश शर्मा द्वारा ग्राउंड लेवल पर मुखबिर तंत्र विकसित कर अभियुक्तों की वर्तमान लोकेशन एवं पहचान सुनिश्चित की गई।

06 स्थानों पर समन्वित दबिश एवं गिरफ्तारी

एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि दिनांक 17.02.2026 को एसओजी की विशेष टीमों द्वारा अण्डमान-निकोबार, कोलकाता, जयपुर, कोटा एवं जालौर सहित 06 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई और निम्न अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया-

1. महेश कुमार बिश्नोई (एमबीबीएस छात्र, चतुर्थ वर्ष, जयपुर)

किसके स्थान पर परीक्षा दीः

(गिरफ़्तार हो चुके) मूल अभ्यर्थी दिनेश कुमार गोदारा पुत्र आसूराम बिश्नोई, निवासी पमाणा, जिला जालौरा

कब एवं कहाँ:

दिनांक 24.12.2022, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हिरणमगरी सेक्टर-11, उदयपुर (विज्ञान विषय)।

सौदा राशिः 3 लाख रुपये।

2. महिपाल बिश्नोई (एमबीबीएस छात्र, चतुर्थ वर्ष, कोटा)

किसके स्थान पर परीक्षा दी:

(गिरफ़्तार हो चुके) मूल अभ्यर्थी सुरतराम मीणा निवासी बरनाला, जिला सवाईमाधोपुर (वर्तमान गंगापुरसिटी)।

कब एवं कहाँ:

दिनांक 24.12.2022, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, छावनी, कोटा (विज्ञान विषय)।

सौदा राशि: 5 लाख रुपये।

3. सही राम (एमबीबीएस छात्र, चतुर्थ वर्ष, पोर्ट ब्लेयर)

किसके स्थान पर परीक्षा दीः

(गिरफ़्तार हो चुके) मूल अभ्यर्थी दिनेश कुमार निवासी सांचौर, जिला जालौर।

कब एवं कहाँ:

दिनांक 24.12.2022, राजकीय फतेह उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरजपोल, उदयपुर (विज्ञान विषय)।

सौदा राशि: 3 लाख रुपये।

4. हनुमाना राम (राजकीय अध्यापक)

किसके स्थान पर परीक्षा दी:

मूल अभ्यर्थी अशोक कुमार बिश्नोई निवासी धोरीमन्ना, जिला बाड़मेर। (हाल फ़रार)

कब एवं कहाँ:

दिनांक 29.01.2023, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दीगरी, जोधपुर (सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान)।

सौदा राशि: 5 लाख रुपये।

5. निवास कुराडा (राजकीय अध्यापक)

किसके स्थान पर परीक्षा दी:

मूल अभ्यर्थी मनोहर सिंह बिश्नोई निवासी करावड़ी, जिला जालौर। (हाल फ़रार)

कब एवं कहाँ:

दिनांक 29.01.2023, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शोभागपुरा, उदयपुर (सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान)।

सौदा राशि: 5 लाख रुपये।

6. प्रिंस (संदिग्ध डमी, एमबीबीएस छात्र, कोलकाता)

किसके स्थान पर परीक्षा दी:

मूल अभ्यर्थी मनोहर सिंह बिश्नोई निवासी करावड़ी, जिला जालौर। (हाल फ़रार)

कब एवं कहाँ:

दिनांक 24.12.2022, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, सविना खेड़ा, उदयपुर (विज्ञान विषय)।

अग्रिम अनुसंधान हेतु जयपुर लाया जा रहा है।

ईनाम एवं कुल कार्रवाई

एडीजी श्री विशाल बंसल ने बताया कि इन सभी डमी परीक्षार्थियों की गिरफ्तारी हेतु 10-10 हजार रुपये का ईनाम घोषित था..!!

इस प्रकरण में अब तक-
12 मूल अभ्यर्थी
09 डमी परीक्षार्थी
05 मध्यस्थ
कुल 26 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है…!!

गिरफ्तार अभियुक्तों की वर्तमान नियुक्ति एवं शैक्षणिक डिग्रियों के सत्यापन की जांच की जाएगी। शेष अन्य डमी परीक्षार्थियों एवं मध्यस्थों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।उपमहानिरीक्षक पुलिस श्री परिस देशमुख के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, विशेष विकसित एप एवं आसूचना संकलन के माध्यम से कार्रवाई की गई।अभियुक्त महेश कुमार को जयपुर, महिपाल को कोटा, सहीराम को पोर्ट ब्लेयर (अण्डमान-निकोबार), तथा हनुमाना राम एवं निवास कुराडा को जालौर से गिरफ्तार किया गया…!!

जयपुर से हेमंत दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!