चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने लिखा पत्र, भूमि अधिग्रहण में 18 माह से बंद रजिस्ट्री शुरू करने की मांग
कोरबा//रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने राष्ट्रीय राजमार्ग कोरबा–चांपा के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के कारण प्रभावित गांवों में पिछले लगभग 18 माह से बंद पड़ी जमीन की खरीदी-बिक्री (रजिस्ट्री) को पुनः प्रारंभ कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर, कोरबा जिला को पत्र लिखकर शीघ्र आदेश जारी करने का आग्रह किया है।
विधायक फूल सिंह राठिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की प्रक्रिया के चलते ग्राम कुदरीखार, पंडरीपानी, नकटीखार, भुलसीडीह, डूमरडीह, केशलपुर, केशला, बेला रिस्दी, दादर, खरमोरा एवं बालको में भूमि रजिस्ट्री पर प्रतिबंध लगा हुआ है। लंबे समय से जारी इस रोक के कारण ग्रामीणों को आर्थिक और सामाजिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया है कि जमीन की खरीदी-बिक्री ठप होने से कई परिवारों के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों और भूमिधारकों को वित्तीय जरूरतों के समय भूमि विक्रय का विकल्प नहीं मिल पा रहा है। वहीं, कुछ मामलों में पारिवारिक बंटवारा और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी अटकी हुई हैं।
विधायक ने जनहित का हवाला देते हुए कहा है कि यदि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में समय लग रहा है, तो ऐसे में अनिश्चितकालीन प्रतिबंध उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित गांवों में रजिस्ट्री पुनः प्रारंभ कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मांग पर क्या निर्णय लेता है। क्षेत्र के ग्रामीणों की निगाहें कलेक्टर के आगामी कदम पर टिकी हुई हैं।