बड़बिल में शांति समिति की बैठक,प्रशासन ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

बड़बिल में शांति समिति की बैठक,प्रशासन ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
(बड़बिल):आगामी पर्व हिंदू नववर्ष, ईद-उल-फितर और रामनवमी के मद्देनज़र बड़बिल पुलिस स्टेशन परिसर में 18 मार्च बुधवार को शांति समिति की एक सौहार्दपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, आपसी समझ और भाईचारे को और मजबूत बनाना रहा, ताकि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहारों का आनंद उठा सकें बैठक में शांति समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मानित लोग, युवा स्वयंसेवक, पुलिस एवं नगर के प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि त्योहार खुशियों को साझा करने का अवसर होते हैं और इन्हें प्रेम, सम्मान और सहयोग के साथ मनाया जाना चाहिए।चर्चा के दौरान जुलूसों के शांतिपूर्ण संचालन, निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन, ट्रैफिक व्यवस्था, तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने पर विचार किया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी को असुविधा या ठेस पहुंचे।प्रशासन की ओर से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।सोशल मीडिया का संयमित और जिम्मेदार उपयोग करने पर भी बल दिया गया।बैठक में मौजूद सभी लोगों ने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।अंत में आम जनता से आग्रह किया गया कि वे सभी पर्वों को एकता, आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना के साथ मनाएं, ताकि बड़बिल में सद्भाव और सकारात्मक वातावरण बना रहे।
रिपोर्ट:सज्जाद आलम R9 भारत ब्यूरो चीफ (केन्दुझर-ओडिशा)