आंगनबाड़ी केंद्र बरभांठा नोनदरहा में ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
आंगनबाड़ी केंद्र बरभांठा नोनदरहा में ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया

 

करतला (जिला कोरबा, छत्तीसगढ़)। विकासखंड करतला अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र बरभांठा नोनदरहा में बच्चों के लिए ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करना तथा समुदाय की सहभागिता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत नोनदरहा के सरपंच श्री पुनीराम राठिया रहे। उनके साथ सचिव श्री डिगंबर साहू, बीडीसी सदस्य श्रीमती नीलाकमल, पंच बंशी पटेल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री दिनेश कुमार तिवारी (रामपुर), प्रेरक मदनलाल श्रीवास, पर्यवेक्षक कौशिल्या बरेठ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुरीति पटेल तथा पोस्ट ऑफिस रामपुर से उमा राठौर उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर बच्चों को पौष्टिक भोजन कराया गया, जिससे उनमें उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
महिलाओं की कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान परमेश्वरी राठिया, द्वितीय मोगरा बाई एवं तृतीय स्थान लक्ष्मी यादव ने प्राप्त किया। वहीं किशोरी बालिकाओं की कुर्सी दौड़ में प्रथम भवानी राठिया, द्वितीय खुशबू पटेल तथा तृतीय स्थान यशवनी राठिया ने हासिल किया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं रोचक हिस्सा महिलाओं द्वारा आयोजित ‘मटका फोड़’ प्रतियोगिता रही। इस प्रतियोगिता में न तो महिलाएं और न ही पुरुष मटका फोड़ सके, लेकिन एक छोटे से बच्चे ने सभी को आश्चर्यचकित करते हुए मटका फोड़ दिया। इस प्रतिभाशाली बच्चे का नाम पीयूष पटेल बताया गया, जिसकी इस उपलब्धि पर उपस्थित सभी लोगों ने तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाया। इस प्रकार ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए आनंददायक रहा, बल्कि सामाजिक एकता और सामुदायिक भागीदारी का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!