जयपुर
एसआई भर्ती परीक्षा पहले दिन 1.5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, पहली बार कान-दांत में ब्लूटूथ डिवाइस की हुई जांच
राज्य के सभी शहरों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई संपन्न,मेटल डिटेक्टर से तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को केंद्रों में मिला प्रवेश
केंद्रों के आसपास 100 मीटर दायरे में ई-मित्र और कियोस्क रहे बंद, सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों ने रखी निगरानी
परीक्षा के दौरान सुरक्षा और सतर्कता के मद्देनजर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना देने पर 1 लाख रुपये का इनाम किया गया था घोषित
जयपुर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की सब इंस्पेक्टर (एसआई) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा रविवार से शुरू हुई। राज्य के सभी शहरों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। मेटल डिटेक्टर से तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश मिला। पहली बार कानों में ब्लूटूथ और दांतों में भी डिवाइस छुपे होने को लेकर गहन जांच की गई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं कुछ छात्र पहली पारी की परीक्षा दिए, लेकिन दूसरी पारी में अनुपस्थित रहे।
केंद्रों के आसपास 100 मीटर दायरे में ई-मित्र और कियोस्क बंद रहे। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों ने निगरानी रखी। मोबाइल सहित किसी भी तरह की सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। सोमवार को भी दोनों पारियों में इन्हीं विषयों के पेपर होंगे।
दूसरी पारी में 1.54 लाख ने छोड़ी परीक्षा:
हिंदी विषय की परीक्षा में कुल पंजीकृत 3 लाख 85 हजार 20 अभ्यर्थियों में से 2 लाख 32 हजार 470 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1 लाख 52 हजार 550 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। हिंदी में कुल उपस्थिति 60.38 प्रतिशत रही। इसी तरह जनरल नॉलेज और जनरल साइंस के पेपर में कुल पंजीकृत 3 लाख 85 हजार 20 अभ्यर्थियों में से 2 लाख 30 हजार 863 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। इस दौरान 1 लाख 54 हजार 157 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पेपर में कुल उपस्थिति 59.96 प्रतिशत रही..!
नक़ल की सूचना देने पर 1 लाख का ईनाम
इस बार भर्ती परीक्षा में सबसे खास बात स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की सक्रियता है। पेपर लीक और डमी अभ्यर्थियों के पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए एसओजी ने इस बार नकल गिरोहों पर लगाम कसने के लिए एक बड़ी इनामी घोषणा की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति नकल गिरोह या फर्जी अभ्यर्थियों के नेटवर्क के बारे में सटीक और गोपनीय जानकारी देगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा ताकि बिना किसी डर के लोग पुलिस की मदद कर सकें…!!
जयपुर से हेमंत दुबे की रिपोर्ट