बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
गोमिया इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, विद्यार्थियों ने गुरुजनों को किया सम्मानित
शिक्षक और शिष्य के पवित्र रिश्ते को समर्पित शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में गोमिया इंटर कॉलेज, स्वांग में छात्र-छात्राओं ने शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और आशीर्वाद लिया।समारोह का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दामोदर पांडेय एवं महाविद्यालय के अन्य शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए तथा उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा 12वीं की छात्रा साची कुमारी मिश्रा ने किया। उन्होंने अपने प्रभावी संचालन से पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं रोचक बनाए रखा।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. दामोदर पांडेय ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा दिखाने और बेहतर इंसान बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
वहीं प्रो. एफ.kerketta ने कहा कि शिक्षक दिवस विद्यार्थियों के लिए अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान प्रकट करने का विशेष अवसर है। शिक्षक और विद्यार्थी के बीच विश्वास,अनुशासन एवं संस्कार का रिश्ता ही शिक्षा को सार्थक बनाता है।
इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। गीत, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने विद्यार्थियों को तिलक लगाकर उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। छात्र-छात्राओं ने गुरुजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई।मौके पर प्रो. कैह्कशा बेगम,प्रो.फिलोमिना केकेटा, प्रो.सुनील शर्मा,प्रो.अतेश कुमार सहित महाविद्यालय की छात्र-छात्रा समिति के सदस्य ओजबल कुमार, साक्षी कुमारी मिश्रा, स्वाति कुमारी मिश्रा, दीपिका कुमारी, शगुन कुमारी, प्रिंस कुमार, रणविजय कुमार, अहमद रज़ा, घनेश्वर कुमार समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।समारोह ने गुरु-शिष्य के आत्मीय रिश्ते को और मजबूत करते हुए सभी के बीच खुशी, सम्मान और उत्साह का माहौल कायम किया।