बड़बिल में बाल विवाह रोकने के लिए निकाली गई जागरूकता साइकिल रैली

बड़बिल:- बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के उद्देश्य से बड़बिल तालुक लीगल सर्विस ने बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान के तहत एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व तालुक लीगल सर्विस के अध्यक्ष एवं जेएमएफसी (प्रथम) मजिस्ट्रेट मलिका गोयंका ने किया, जिन्होंने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह अभियान राज्यभर में चलाए जा रहे एक व्यापक जागरूकता अभियान का हिस्सा है, जिसका मकसद लोगों को बाल विवाह के नुकसान के प्रति सचेत करना है। रैली में बड़बिल आईटीआई के 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों ने नारे लिखी तख्तियां लेकर वार्ड संख्या 11 और 12 के विभिन्न इलाकों में घूमकर लोगों को जागरूक किया।इस अवसर पर जेएमएफसी (द्वितीय) मजिस्ट्रेट शेया सतापथी, कई अधिवक्ता, विधिक सेवा से जुड़े कर्मचारी, महिला संगठनों की सदस्य, आईटीआई के शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक—पुरुष और महिलाएं—मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के लिए नुकसानदायक है और यह समाज की प्रगति में भी बाधा बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस कुप्रथा के खिलाफ एकजुट होकर आगे आएं।इस अभियान ने यह संदेश दिया कि कानूनी संस्थाएं, शिक्षा संस्थान और आम जनता मिलकर ही बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण कर सकती हैं।
Report By:- Sajjad Alam(R9 bharat. keonjhar-Odisha)