Report by – पंकज शुक्ला
सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी के मुख्य आतिथ्य में नगर परिषद् सेमरिया तथा बीरखाम में फाग महोत्सव का हुआ आयोजन
रीवा सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद् में स्वर्गीय यमुना प्रसाद शास्त्री स्मृति होली मिलन समारोह एवं फाग महोत्सव तथा बीरखाम में फाग महोत्सव का आयोजन किया गया जिसके मुख्य अतिथि सेमरिया विधायक केपी त्रिपाठी रहे।
कार्यक्रम में विधायक सहित क्षेत्र से आए हुए सभी सम्मानित वरिष्ठ नागरिकगणों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी तथा दूर दूर से आई फाग मण्डलियों की शानदार प्रस्तुतियों पर ग्रामीण अंचल की लोकसंस्कृति फगुआ फाग का लुत्फ उठाते हुए होली के रंग में रंगे नजर आए और विभिन्न क्षेत्रों से आए मंडलियों ने ढोल नगाड़ों व मजीरों की थाप पर शानदार लोक प्रस्तुतियों के साथ सभी को रंगोत्सव से सरोबार किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोकप्रेमियों को अपने दिए गए संबोधन में विधायक केपी त्रिपाठी ने कहा कि फाग उत्सव अनेकता को एकता के सूत्र में बांधता है। फाग गीतों का प्रचलन देशभर में युगों से चल रहा है जिसमें जगह जगह फाग गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है जिसमें सभी संभ्रांत नागरिक एकजुटता के साथ मिल जुलकर रहने की प्रेरणा देते हैं। लोक संस्कृतियों के माध्यम से समूचा लोक एक विशिष्ट कर्म से गतिशील होकर अद्भुत एकता की बानगी पेश करता है और यह एकता केवल बाहर की नहीं है, वरन् भीतर की भी है। लोकोत्सव केवल उल्लास और आनन्द की अभिव्यक्ति नहीं है, वरन् लोकसंस्कृति का अनूठा संस्थान भी है। उसका उद्भव और विकास लोकसंस्कृति के इतिहास का एक अंग है। एक छोटे से उत्सव से लेकर राष्ट्रीय लोकोत्सव तक की होली अपने-आप में एक महाकाव्य की कथा है।
कार्यक्रम के आयोजक और भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यसमिति सदस्य हेमराज पाण्डेय ने बताया कि स्वर्गीय यमुना प्रसाद शास्त्री जी की पुण्य स्मृति में फाग महोत्सव का आयोजन मेरे द्वारा कई वर्षों से कराया जा रहा है जिसमें क्षेत्र की कई फाग मण्डलियां अपनी प्रस्तुतियां देती हैं इस वर्ष भी धरी, खारा, कुइयां चचाई, गड़रा, मनिगवां, हिनौता, सेमरिया, सिगमा, बधरा, गडरा, बरहा, लखनपुर, सेमरिया सिटी होम सहित कुल 18 मण्डली अपनी प्रस्तुतियां दे रही हैं जिनमें से विजेता और उपविजेता को स्मृति चिन्ह तथा पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। हेमराज पाण्डेय ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।
ग्राम बीरखाम में फाग महोत्सव के आयोजक बागेश गौतम ने भी सभी अतिथियों को धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में जिला कार्यसमिति सदस्य अनिल पाण्डेय, जिला पंचायत कृषि समिति के सभापति योगेंद्र सिंह, सेमरिया मण्डल अध्यक्ष अरुणेंद्र तिवारी, जनपद पंचायत सिरमौर के कृषि समिति के सभापति शांतिनारायण पाण्डेय, श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सक शुभम मिश्रा, महामंत्री देवेंद्र त्रिपाठी, किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयराम अग्निहोत्री, जल उपभोक्ता संथा जरमोहरा के पूर्व अध्यक्ष युवा समाजसेवी राजेंद्र द्विवेदी, एड० श्रीकांत मिश्रा, राजेश्वर अग्निहोत्री, रामबहोर उर्मलिया, मुनींद्र पयासी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष रामाश्रय आदिवासी, बीरखाम सरपंच दिनेश सिंह, युगराज कोल, जीवनलाल उर्मलिया, पुणेंद्र द्विवेदी, अभिषेक पाण्डेय छोटू, केशव सिंह, हरिओम पाण्डेय, शारदा प्रसाद द्विवेदी सहित भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।