पत्नी की चाकू से गला रेत कर हत्या करने का आरोपी पति गिरफ्तार
भरतपुर। जिले के सेवर थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी स्थित किराये के मकान में आधी रात को अपनी पत्नी की चाकू से गला रेत कर हत्या करने के बाद थाने पहुंच कर सरेंडर करने के आरोपी पति सतेंद्र को सेवर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। सेवर थाना अधिकारी अनिल जसोरिया ने बताया कि सतेंद्र बेरोजगार था और उसकी पत्नी रजनी एक रेबिट फार्मिंग एनजीओ में थी। रजनी एनजीओ के काम से टूर पर जाती रहती थी। ऐसे में सतेंद्र को शक था कि उसकी पत्नी का किसी ओर से रिलेशन है। इसे लेकर इनके बीच पहले भी विवाद हो चुका है। मंगलवार रात को भी सतेंद्र और रजनी के बीच इसे लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रजनी सिरदर्द की गोली लेकर सो गई थी। इसके कुछ देर बाद उसके दो बच्चे भी सो गए थे। रात करीब 2 बजे सतेंद्र रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया और पत्नी का गला काट दिया। इस घटना में रजनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हत्या के बाद सतेंद्र थाने पहुंचा और पूरा घटनाक्रम बताया। इधर, रजनी के पिता विष्णु कुमार की ओर से बुधवार को सेवर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। पिता ने रिपोर्ट में बताया कि सतेंद्र मेरी बेटी पर शक करता था। इस वजह से उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि दोनों की 8 साल पहले शादी हुई थी। इनके एक 7 साल का लड़का और 5 साल की लड़की भी है। दोनों सैनिक कॉलोनी में किराए पर रहते थे।।
भरतपुर से हेमंत दुबे