भरतपुर 6 अगस्त
दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने रिटायर्ड फौजी से मारपीट कर लूटे 45 हजार
पेंशन के करीब 45 हजार रुपए निकाल कर पैदल-पैदल नदबई स्थित अपने घर जा रहा था पीड़ित
भरतपुर. जिले के कस्बा नदबई में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद दिखाई दे रहे हैं। विगत दो माह में अनेकों लूट की बारदातें थाना क्षेत्र में घटित हुई है। इसी क्रम में सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े एक रिटायर्ड फौजी के साथ बुरी तरह मारपीट करते हुए करीब 45 हजार रुपए लूट लिए। जानकारी के अनुसार गांव कैलूरी निवासी रिटायर्ड फौजी हुकुम सिंह (55) पुत्र गोवर्धन जाट सोमवार सुबह करीब 11 बजे पीएनबी बैंक से अपनी पेंशन के करीब 45 हजार रुपए निकाल कर पैदल पैदल नदबई स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान वेयर हाउस रोड़ पर बाइक सवार 2 बदमाशों ने रिटायर्ड फौजी को रोककर रुपयों से भरे थैले को छीनना शुरू किया। पीड़ित रिटायर्ड फौजी ने बताया कि जब उसने अपना बचाव किया, तो बदमाशों ने उससे मारपीट की और धक्का देकर रुपयों से भरे थैले को लूट के रफूचक्कर हो गए। जिसके बाद आस पास के लोगों ने लहूलुहान हालत में रिटायर्ड फौजी को राजकीय उप जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। घायल हुकुम सिंह का हाथ टूट गया है और सिर में चोट आई है। डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।।
भरतपुर से हेमंत दुबे