चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी करने के आरोप में 3 गिरफ्तार
* 24 घंटे के भीतर पुलिस ने किया गिरफ्तार
* चोरी का माल-मशरूका बरामद
कोरबा// कोरबा जिला के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछ अज्ञात चोरों ने चोरी की एक घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार मोहलाइन भाटा के एक शासकीय विद्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों का सामान पार कर दिया। आसपास के लोगों ने कटघोरा पुलिस को इस बारे में अवगत कराया।
कटघोरा नगर में उप जेल के नजदीक सरकारी माध्यमिक शाला का संचालन हो रहा है। शनिवार को अंतिम कार्य दिवस था और अगले दिन छुट्टी थी। रात्रि को अज्ञात चोरों ने यहां पहुंचकर सामने की ग्रिल में लगे ताले को तोड़ दिया और भीतर घुसकर कारनामा करते हुए कंप्यूटर सिस्टम, फायर सिलेंडर के अलावा कई विद्यालय के बर्तन पार कर दिए। रविवार को सुबह स्थानीय लोगों ने यहां से गुजरने के दौरान विद्यालय के एक कमरे का दरवाजा खुला हुआ देखा तो उन्हें संदेह हुआ। लोगों ने इस बारे में कटघोरा पुलिस को सूचना दी।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी व पुलिस की टीम ने मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कर जायजा लेने के बाद संस्था प्रमुख को सूचित किया। इसी के साथ चोरी करने वाले तत्वों की तलाश शुरू की। कटघोरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 3 कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हिकमत-अली से पूछताछ करने पर तीनोंने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। कटघोरा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 331/4, 305/A, 3/5 बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबध्द कर न्यायालय पेश किया।
इस कार्यवाही में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक आत्माराम कंवर, आरक्षक रमेश कश्यप, आरक्षक विवेक जोशी, आरक्षक अजय खुटले का अहम योगदान रहा।