चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
होली पर्व के अवसर पर ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमे जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा
कोरबा//कोरबा जिले में करतला जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज झा ने अपने जनपद क्षेत्र रोगदा नवापारा में आयोजित होली मिलन समारोह में पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। जैसे ही ढोल-नगाड़ों की ताल बजी, वे खुद को रोक नहीं पाए और ग्रामीणों के साथ झूमने लगे। रंग और गुलाल से सराबोर माहौल में उन्होंने पारंपरिक फाग गीतों का आनंद लिया और खुद नगाड़ा बजाते हुए पूरे माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और पारंपरिक लोकगीतों के बीच होली का आनंद लिया। पूरे क्षेत्र में होली का उल्लास देखने लायक था, जहां रंग, गुलाल और संगीत का अद्भुत संगम बना रहा।
जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सभी क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी को मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने का संदेश दिया।