पंकज राठौर
बारां न्यूज़
एक दिवसीय बारां दौरे पर रहे राज्यपाल
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े बुधवार को जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। जहां सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल ने परेड की सलामी की। इसके बाद सांसद दुष्यन्त सिंह, कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, एसपी राजकुमार चौधरी, एएसपी राजेश चौधरी ने अगवानी की। बारां अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद राज्यपाल मिनी सचिवालय सभागार कलेक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक ले रहे है। बैठक के बाद शाहबाद तहसील की खटका ग्राम पंचायत के भौंतीपुरा मॉडल गांव का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वन धन विकास केंद्रों की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, जनजाति आश्रम छात्रावासों एवं पीएम जन मन सहरिया परिवारों के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। राज्यपाल के दौरे को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से भी इंतजाम पुख्ता रखे गए है। साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है।